माघी पूर्णिमा पर पांचाल घाट पर आस्था का महाकुंभ, लाखों भक्तों ने लगाई पतित पावनी गंगा में डुबकी

माघी पूर्णिमा पर पांचाल घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया पवित्र गंगा स्नान


फर्रुखाबाद, 1 फरवरी। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद स्थित पांचाल घाट पर माघी पूर्णिमा के मौके पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखने लायक है। एक महीने से चल रहे रामनगरिया मेले में रविवार को लोग सुबह से ही गंगा स्नान करने पहुंचे। सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालुओं ने डुबकी लगानी शुरू कर दी और 10 बजे तक 1 लाख से ज्यादा लोगों ने पतित पावनी गंगा में पवित्र डुबकी लगाई।

गंगा के किनारे श्रद्धालुओं ने सत्यनारायण कथा सुनी, यज्ञ और भंडारे किए। कई लोगों ने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया और जोत जलाकर पुण्य कमाया। साधु-संतों से आशीर्वाद लेने वाले लोग पूरे उत्साह में थे। मेले में हर जगह यज्ञ और भंडारे चल रहे थे, जहां सभी को प्रसाद दिया जा रहा था।

इस दौरान आईएएनएस से बातचीत के दौरान एक श्रद्धालु रामविलास पाल ने बताया कि वे मैनपुरी के भोंगांव से आए हैं। उनका कहना था कि गंगा स्नान बहुत अच्छे से हुआ। वे हर पूर्णिमा पर यहां आते हैं। माघी पूर्णिमा पर तो विशेष श्रद्धा होती है और लोग धूमधाम से गंगा मैया की पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि भीड़ अच्छी है और प्रशासन ने सफाई और व्यवस्था एकदम बढ़िया रखी है।

एक अन्य श्रद्धालु शिवप्रकाश मिश्रा ने बताया कि वे भी मैनपुरी के भोंगांव कस्बे से आए हैं। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान मां की कृपा से ही होता है। यहां व्यवस्था बहुत अच्छी है।

उन्होंने बताया कि पिछले 30 साल से वे हर साल आते रहे हैं और प्रशासन की व्यवस्था सबसे अच्छी है, कोई दिक्कत नहीं। भीड़ ठीक है और सफाई व्यवस्था भी बढ़िया है।

वहीं, अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि वे भी माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने आए हैं। उन्होंने कहा कि भीड़ बहुत थी, लेकिन व्यवस्था अच्छी थी। वे सुबह साढ़े सात बजे आए और स्नान बढ़िया से हो गया।

दिल्ली से आए राजेश शुक्ला ने व्यवस्था की तारीफ की और बताया कि माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने का अनुभव बहुत अच्छा रहा। भोलेपुर से आई बच्ची नव्या सिंह ने बताया कि स्नान हो गया, लेकिन बहुत ठंड थी और भीड़ भी ज्यादा थी।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
2,602
Messages
2,634
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top