झारखंड के पलामू में अंधविश्वास की बलि चढ़ा परिवार, धारदार हथियार से पति-पत्नी और बेटे की हत्या, बेटी घायल

झारखंड के पलामू में एक परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या, हमले में किशोरी गंभीर रूप से घायल


पलामू, 1 फरवरी। झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात शनिवार आधी रात के बाद अंजाम दी गई है।

प्रारंभिक जांच में यह मामला अंधविश्वास और डायन-बिसाही के संदेह से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान विजय भुईयां, उनकी पत्नी हेवंती देवी और बेटे छोटू भुईयां के रूप में की गई है। हमले में परिवार की 16 वर्षीया पुत्री ममता कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

चिकित्सकों के अनुसार ममता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाले रवींद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां को आरोपी बनाया है।

बताया जा रहा है कि विजय भुईयां का गांव के कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। उसके परिवार पर गांव के कुछ लोग ओझा-गुणी और डायन-बिसाही का आरोप लगा रहे थे। इसे लेकर कई बार झगड़े हो चुके थे, जिसपर पंचायतें भी बुलाई गई थीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात कुछ लोग विजय भुईयां के घर पहुंचे थे। परिवार के लोगों के साथ पहले मारपीट की गई, इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन घटनास्थल पर जुट गए हैं।

पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल पांकी थाना से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है और यह इलाका नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है, जिसके चलते पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top