क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद में प्रशिक्षण कार्यशाला एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद में प्रशिक्षण कार्यशाला एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन


गाजियाबाद, 31 जनवरी। विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद नागरिकों को पासपोर्ट से जुड़ी सेवाएं सुचारु, पारदर्शी एवं सुलभ रूप से उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के क्षेत्राधिकार में एक पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके), गाजियाबाद में संचालित किया जा रहा है, जबकि विभिन्न जनपदों में कुल 11 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) कार्यरत हैं। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को उनके निकट ही पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएसके एवं पीओपीएसके में कार्यरत कार्मिकों के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में 31 जनवरी को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद में एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्मिकों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश परिमंडल के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में निदेशक, डाक विभाग, गाजियाबाद अभिषेक सिंह, वरिष्ठ अधीक्षक, डाक विभाग, गाजियाबाद विशाल पाठक एवं वरिष्ठ अधीक्षक, डाक विभाग, नोएडा भूर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त टीसीएस की ओर से सारिका वर्मा भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।

मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र नागरिकों के लिए एक अत्यंत सुलभ और भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरे हैं। डाक विभाग के सहयोग से पासपोर्ट सेवाओं को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश के अधिकांश लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं तथा शेष क्षेत्रों में भी शीघ्र ही ऐसे केंद्र खोले जाएंगे। वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से दो लाख से अधिक पासपोर्ट आवेदनों का निस्तारण किया गया, जो डाक विभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद के अंतर्गत मेरठ एवं नोएडा स्थित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के विस्तार का कार्य प्रक्रियाधीन है। इसके पूर्ण होने के बाद प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। कार्यक्रम के अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में डाक विभाग एवं टीसीएस के उन कार्मिकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष 2025 के दौरान पासपोर्ट सेवाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्कृष्ट निष्पादन में सराहनीय योगदान दिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने कहा कि पासपोर्ट सेवाओं के संचालन में डाक विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पीओपीएसके के माध्यम से नागरिकों को उनके निकट ही पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल सहित डाक विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डाक विभाग से प्राप्त सहयोग और मार्गदर्शन नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
2,720
Messages
2,752
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top