एसवाईएल पर भगवंत मान के बयान से भड़के सुखबीर बादल, बोले– यह चैरिटी नहीं, पंजाब के हक का सवाल

एसवाईएल पर भगवंत मान के बयान से भड़के सुखबीर बादल, बोले– यह चैरिटी नहीं, पंजाब के हक का सवाल


चंडीगढ़, 27 जनवरी। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवंत मान ने एसवाईएल मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए जिस तरीके से भाई कन्हैया जी का उदाहरण दिया, वो बिल्कुल गलत है। उन्होंने इसे सिख इतिहास के साथ खिलवाड़ बताया।

सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा, "भगवंत मान का पंजाब की नदी के पानी को दूसरे राज्यों, खासकर हरियाणा को सौंपने को सही ठहराने के लिए भाई कन्हैया जी का गलत तरीके से जिक्र करना शर्मनाक और धर्म का अपमान है। दशम पातशाह ने दया और दान के कामों को आशीर्वाद दिया, लेकिन हमें अपने सही अधिकारों के लिए लड़ना भी सिखाया। भाई कन्हैया जी की तरह दया और करुणा के काम के तौर पर मरते हुए लोगों को पानी देना एक बात है, और पंजाब की जीवनरेखा, नदी के पानी को सरेंडर करना बिल्कुल दूसरी बात है।"

उन्होंने आगे कहा, "मुख्यमंत्री भगवंत मान को सिख इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने के लिए माफी मांगनी चाहिए। यह पंजाब के नदी के पानी के अधिकारों का मामला है, दान का नहीं।" उन्होंने कहा कि "असल में, भगवंत कांग्रेस के सीएम दरबारा सिंह के नक्शेकदम पर चल रहे हैं, जिन्होंने इंदिरा गांधी के सामने सरेंडर कर दिया था। शिरोमणि अकाली दल इस धोखे को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।"

सुखबीर सिंह बादल का कहना है कि एस. प्रकाश सिंह बादल की सरकार ने नहर को डिनोटिफाई करके और जमीन मालिकों/किसानों को वापस करके एसवाईएल मुद्दे को स्थायी रूप से हल कर दिया था।

गौरतलब है कि सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि यह मुद्दा बहुत समय से चल रहा है। आज इस पर सकारात्मक बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि गुरुओं की वाणी हमें मार्गदर्शन देती है। हम भाई कन्हैया जी के वारिस हैं, जिन्होंने युद्ध के दौरान दुश्मनों को भी पानी पिलाया था। हरियाणा हमारा दुश्मन नहीं है, यह तो हमारा भाई है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,883
Messages
8,915
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top