2017 की जीत 2047 तक दोहराएंगे : केशव प्रसाद

2017 की जीत 2047 तक दोहराएंगे : केशव प्रसाद


प्रयागराज, 26 जनवरी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पुलिस लाइन, प्रयागराज में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में सहभागिता करते हुए झंडा फहराया। राष्ट्रगान की गूंज के साथ तिरंगा शान से लहराया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

उन्होंने कहा, "प्रदेश में हम 2017 की ऐतिहासिक जीत को 2047 तक दोहराएंगे। जो 37 से 27 पर आ गए, वे 7 भी नहीं बचा पाएंगे।" मौर्य ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की नीतिगत विफलताओं के कारण प्रदेश की जनता वर्षों तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रही, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास को केंद्र में रखकर जनता के विश्वास को मजबूत किया है। कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।

झंडा फहराने के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मौर्य ने संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की सर्वोच्चता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है, तथा यह दिन हमें राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण के संकल्प को पुनः स्मरण कराता है।

इसके उपरांत भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, प्रयागराज में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में मौर्य ने केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए संचालित योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं।

इस अवसर पर आयोजित आकर्षक एवं अनुशासित गणतंत्र दिवस परेड में पुलिस बल, पीएसी, एनसीसी सहित विभिन्न टुकड़ियों ने कदमताल करते हुए सलामी दी। परेड एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राष्ट्रीय गौरव, एकता और अनुशासन का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,875
Messages
8,907
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top