सीएम रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली की तीन विधानसभाओं में 300 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया शुभारंभ

सीएम रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली की तीन विधानसभाओं में 300 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया शुभारंभ


नई दिल्ली, 25 जनवरी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को दक्षिण दिल्ली की तीन विधानसभा क्षेत्रों बदरपुर, संगम विहार और देवली में 300 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह केवल बजट का आंकड़ा नहीं, बल्कि दक्षिण दिल्ली के समग्र परिवर्तन का संकल्प है। इन विकास कार्यों में सड़कें, नालियां, ड्रेनेज सिस्टम, पीने का पानी, स्ट्रीट लाइट, पार्क, डिस्पेंसरी और बारातघर की सुविधा शामिल हैं।

इन विभिन्न कार्यक्रमों और जनसभाओं में दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, दिल्ली ग्रामीण विकास बोर्ड के अध्यक्ष राजकुमार चौहान, विधायक चंदन कुमार चौधरी, कई निगम पार्षद व गणमान्य जन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने बदरपुर विधानसभा में 85 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह वर्षों से प्रतीक्षित बदलाव की शुरुआत है। ओखला लैंडफिल को समाप्त करने के लिए सरकार मिशन मोड में कार्य कर रही है और क्षेत्र की जनता इस परिवर्तन की प्रत्यक्ष साक्षी बनेगी।

उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाएगी, सभी परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी होंगी, और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार बदरपुर को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और दिल्ली का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने संगम विहार विधानसभा में 115 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह उन वर्षों पुराने प्रश्नों का उत्तर है जो संगम विहार की जनता पूछती रही कि 'हमारी बारी कब आएगी?' उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने संगम विहार को टूटी सड़कें, ओवरफ्लो सीवर, गंदा पानी और अधूरे वादे दिए, लेकिन अब सरकार हर संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत सड़कों का व्यापक पुनर्निर्माण, मजबूत सीवर एवं ड्रेनेज प्रणाली, सुदृढ़ पेयजल व्यवस्था, गलियों, नालियों और स्ट्रीट लाइट का सुधार किया जाएगा, जिससे लाखों नागरिकों का जीवन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक बनेगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने देवली विधानसभा में 104 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए कहा कि यह विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन परियोजनाओं के माध्यम से नई सड़कों का निर्माण, सीवर एवं ड्रेनेज नेटवर्क का विस्तार, पेयजल पाइपलाइन का सुदृढ़ीकरण, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण तथा स्वास्थ्य एवं सामुदायिक केंद्रों का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि देवली की जनता जिन मूलभूत सुविधाओं का वर्षों से इंतजार कर रही थी, वे अब संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाना है। दक्षिण दिल्ली को वर्षों की उपेक्षा से निकालकर विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श क्षेत्र बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विकास अभियान आने वाले वर्षों में दक्षिण दिल्ली को नई पहचान और नई गति देगा।

इन सभी कार्यक्रमों में उपस्थित सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल्ली को विश्व स्तरीय राजधानी बनाने का जो सपना है, रेखा गुप्ता की सरकार उसे पूरा कर रही है। उन्होंने इन तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए 300 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने के लिए दक्षिण दिल्ली की जनता की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को धन्यवाद दिया।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
1,254
Messages
1,265
Members
17
Latest member
RohitJain
Back
Top