जम्मू-कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता मोह लेगी हर किसी का मन : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

जम्मू-कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता मोह लेगी हर किसी का मन: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा


नई दिल्ली, 25 जनवरी। भारत ऐसा देश है, जिसे केवल एक तस्वीर में समेट पाना संभव नहीं है। यहां कुछ ही किलोमीटर की दूरी तय करते ही वातावरण, संस्कृति और नजारे सब बदल जाते हैं। कहीं कश्मीर की बर्फ से ढकी वादियां मन मोह लेती हैं, तो कहीं कन्याकुमारी का नीला सागर आकर्षित करता है। कहीं आकाश को छूते पर्वत हैं, तो कहीं दूर-दूर तक फैले रेगिस्तान अपनी अलग कहानी कहते हैं। यही विविधता भारत को मात्र एक देश नहीं, बल्कि अनगिनत अनुभूतियों का समृद्ध संसार बनाती है।

आज पूरे देश में राष्ट्रीय पर्यटन दिवस मनाया जा रहा है। इसी मौके पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुनिया भर के लोगों को जम्मू-कश्मीर आने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की लुभावनी प्राकृतिक सुंदरता और जीवंत सांस्कृतिक विरासत हर किसी का दिल जीत लेती है। यहां की वादियां, झीलें, पहाड़ और शांत वातावरण न सिर्फ आंखों को सुकून देते हैं, बल्कि मन और आत्मा को भी तरोताजा कर देते हैं।

जम्मू-कश्मीर की बात करें तो यह जगह अपने आप में किसी जन्नत से कम नहीं है। डल झील की शिकाराएं, गुलमर्ग की बर्फीली ढलानें, पहलगाम की हरियाली और वैष्णो देवी जैसे धार्मिक स्थल यहां हर तरह के पर्यटकों के लिए कुछ न कुछ खास हैं। साथ ही, यहां की लोक कला, संगीत, खानपान और त्योहार इसकी समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाते हैं।

कश्मीर में हर मौसम में एक अलग ही नजारा देखने को मिलता है। गर्मियों में यहां की हरियाली और फूलों की घाटियां मन मोह लेती हैं, जबकि सर्दियों में बर्फ से ढकी पहाड़ियां और स्कीइंग ट्रैक किसी सपने जैसी महसूस होती हैं।

वहीं, इन दिनों जम्मू-कश्मीर में मौसम बिल्कुल मन को खुश कर देने वाला बना हुआ है। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की एक्टिविटी की वजह से यहां के पहाड़ों ने सफेद बर्फ की चादर ओढ़ रखी है। झीलें और नदियां भी झिलमिला रही हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग यहां बर्फबारी का मजा लेने पहुंच रहे हैं। बच्चे बर्फ में खेल रहे हैं, तो बड़े भी अपनी छुट्टियों का पूरा आनंद ले रहे हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,877
Messages
8,909
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top