तमिलनाडु में अकेले कुछ नहीं कर सकती भाजपा: आनंद दुबे

तमिलनाडु में अकेले कुछ नहीं कर सकती भाजपा: आनंद दुबे


मुंबई, 24 जनवरी। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों पर तंज कसते हुए कहा कि वहां भाजपा अकेले दम पर कुछ नहीं कर सकती है।

मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में प्रयास कर रही है, लेकिन वर्तमान में तो सफलता नहीं दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी ऐसे ही महाराष्ट्र में प्रयास कर रही थी, तब बालासाहेब ठाकरे ने भाजपा की मदद की। भाजपा ने इसका क्या सिला दिया? बालासाहेब ठाकरे की पार्टी तोड़ दी। अकेले तमिलनाडु में भाजपा कुछ नहीं कर सकती है।

आनंद दुबे ने बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी पर कहा कि बालासाहेब ठाकरे सिर्फ महाराष्ट्र के नेता नहीं थे, बल्कि वे पूरे देश के नेता थे। उन्होंने हिंदुओं के लिए जो आवाज उठाई, वह न सिर्फ भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गूंजी। मुंबई और महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। हालांकि, जिन्हें उनकी पार्टी में पाला-पोसा गया और जो मजबूत हुए, उन्होंने अब इसे दो गुटों में बांट दिया है। आज नहीं तो कल चुनाव चिन्ह और पार्टी हम सुप्रीम कोर्ट से जरूर जीतेंगे।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर को लेकर उन्होंने कहा कि यहां कांग्रेस पार्टी का निजी मामला है, लेकिन शशि थरूर बहुत अच्छा काम करते हैं और उन्हें काफी अनुभव है। अगर कांग्रेस पार्टी को लगता है कि अब उन्हें उनकी जरूरत नहीं है या उन्हें अब कांग्रेस की जरूरत नहीं है, तो यह उनका आंतरिक मामला है। बहुत सारी जगहों पर मनमुटाव होते हैं। अगर कांग्रेस अभी भी थरूर जैसे नेताओं का सम्मान नहीं करेगी, तो फिर किसका सम्मान करेगी? थरूर की नाराजगी को समझना चाहिए।

बीएमसी चुनाव संपन्न होने के बाद मेयर को लेकर चल रही खींचतान पर उन्होंने कहा कि भाजपा को बस अपना महापौर बनाना है, जो वे बहुत जल्दी बना देंगे, लेकिन इससे मराठी मानुष को क्या हाथ लगा? एकनाथ शिंदे को चिंतन करना चाहिए कि उन्होंने क्या खोया और क्या पाया।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top