वनडे सीरीज: रूट ने खेली 75 रन की पारी, श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ बराबरी पर इंग्लैंड

वनडे सीरीज: रूट ने खेली 75 रन की पारी, श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ बराबरी पर इंग्लैंड


कोलंबो, 24 जनवरी। इंग्लैंड ने श्रीलंका के विरुद्ध शनिवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला इसी मैदान पर 27 जनवरी को खेला जाएगा।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी श्रीलंकाई टीम 49.3 ओवरों में महज 219 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 16 के स्कोर पर कामिल मिशारा (5) का विकेट गंवा दिया था। यहां से पथुम निसांका ने कुसल मेंडिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। निशांका 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मेंडिस ने 26 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

धनंजय डी सिल्वा ने कप्तान चरिथ असलंका के साथ चौथे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की, जिसने टीम को 134 के स्कोर तक पहुंचाया। धनंजय 59 गेंदों में 4 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि असलंका ने 45 रन की पारी खेली। इनके अलावा, पवन रत्नायके ने 29 रन और डुनिथ वेललेज ने 20 रन का योगदान मेजबानों के खाते में दिया।

विपक्षी खेमे से जेमी ओवरटन, आदिल राशिद और जो रूट ने 2-2 विकेट निकाले। लियाम डॉसन, विल जैक्स और रेहान अहमद ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में इंग्लैंड ने 46.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम ने 20 के स्कोर पर रेहान अहमद का विकेट गंवा दिया था। यहां से बेन डकेट ने जो रूट के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। बेन डकेट 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके कुछ देर बाद टीम ने जैकब बैथेल (6) का विकेट भी गंवा दिया।

इंग्लैंड 97 के स्कोर तक 3 विकेट खो चुकी थी। यहां से रूट ने कप्तान हैरी ब्रूक के साथ चौथे विकेट के लिए 81 रन जुटाते हुए टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचाया। रूट ने 90 गेंदों में 5 चौकों के साथ 75 रन की पारी खेली, जबकि ब्रूक 42 रन बनाकर आउट हुए। यहां से जोस बटलर ने 21 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ नाबाद 33 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

मेजबान खेमे से धनंजय डी सिल्वा और जेफरी वेंडरसे ने 2-2 विकेट निकाले। असिथा फर्नांडो को 1 विकेट हाथ लगा।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,643
Messages
8,675
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top