अहमदाबाद, 14 मार्च। अहमदाबाद के कलहार ब्लूज एंड ग्रीन्स गोल्फ क्लब में शनिवार को खेले जा रहे डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के इंडोरामा वेंचर्स ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2026 के तीसरे राउंड के बाद सप्तक तलवार और ध्रुव शेओरान ने टॉप स्थान साझा किया।
सप्तक (68-71-69) और ध्रुव (69-69-70) आठ-अंडर 208 के एक जैसे कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर रहे। सप्तक के बिना किसी गलती वाले 69 के स्कोर ने उन्हें तीन स्थान ऊपर चढ़ने में मदद की, जबकि ध्रुव के 70 के स्कोर ने उन्हें तीसरे दिन एक स्थान ऊपर पहुंचाया। मनु गंडास ने 67 का स्कोर किया, जो दिन का संयुक्त रूप से सबसे कम स्कोर था, और 11 स्थान ऊपर चढ़कर सात-अंडर 209 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए। आर्यमन आदित्य मोहन ने भी दिन का संयुक्त रूप से सबसे कम 67 स्कोर बनाया और अर्जुन प्रसाद (69) तथा फ्रांस के क्लेमेंट सोर्डेट (71) के साथ छह-अंडर 210 के स्कोर पर संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर राउंड समाप्त किया।
शुक्रवार को संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहने वाले तलवार ने शनिवार को शानदार राउंड के साथ खुद को एक मजबूत दावेदार के रूप में पेश किया। ग्रेटर नोएडा के रहने वाले और पिछले साल डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के विजेता रहे तलवार ने चौथे, आठवें और 12वें होल पर 10 से 20 फीट की दूरी से तीन बर्डी बनाईं।
सप्तक ने कहा, "मैं खुद को बर्डी बनाने के कई मौके दे रहा हूं। पुटर ने उतना साथ नहीं दिया जितना मैं चाहता था, फिर भी मैंने पहले तीन दिनों में सिर्फ तीन बोगी करके गलतियों से खुद को बचाए रखा। मुझे लगता है कि मेरा खेल सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह कोर्स टीज से काफी चुनौतीपूर्ण है और मुझे लगता है कि मैंने अब तक अपने टी शॉट्स के साथ अच्छा प्रदर्शन किया है।" शुक्रवार को तीसरे स्थान पर और लीड से सिर्फ एक शॉट पीछे चल रहे शेओरान सप्तक की तरह लगातार अच्छी प्रगति जारी रखी। गुरुग्राम के रहने वाले और तीन टाइटल जीत चुके शेओरान ने शनिवार को दो बोगी के बदले चार बर्डी हासिल कीं। तीसरे दिन उन्होंने 10 से 15 फीट की दूरी से कुछ पुट भी डाले।
पिछले हफ्ते डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की '72 द लीग' जीतने वाले ध्रुव ने कहा, "मैं अपनी गेम प्लान पर कायम रहा। मैं खुद से कहता रहा कि गेंद को खेल में बनाए रखना है। जब हवा तेज हुई, तो मैंने गेंद को हवा के नीचे रखा। यही वजह रही कि मैंने हालात के हिसाब से खुद को अच्छी तरह ढाल लिया। मैं चौथे राउंड में मुकाबला करने के लिए उत्साहित हूं। मैं पिछले दो हफ्तों में '72 द लीग' से मिले अपने अनुभवों का इस्तेमाल करूंगा। लीग में टीम मुकाबले ने मुझे मुश्किल हालात में खेलने के लिए अच्छी तरह तैयार किया।"