मैच में ये क्या कर गए सलमान आगा? गेंद उठाने पर आईसीसी ने लगाई कड़ी फटकार, जुड़ा डिमेरिट प्वाइंट

आईसीसी ने सलमान आगा को फटकार, खाते में जुड़ा डिमेरिट प्वाइंट


मीरपुर, 14 मार्च। पाकिस्तानी बल्लेबाज सलमान आगा शुक्रवार को ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पाए गए, जिसके बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने आगा को आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई है। इसके साथ उनके अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है।

यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई। आगा ने मोहम्मद रिजवान के साथ चौथे विकेट के लिए 109 रन जोड़े थे, लेकिन ओवर की चौथी गेंद पर, रिजवान ने बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज की गेंद पर जमीन की ओर एक हल्का सा पुश किया। गेंद लुढ़कते हुए आगा की ओर गई, जो नॉन-स्ट्राइकर छोर पर अपनी क्रीज से बाहर खड़े थे। जैसे ही गेंद उनके पैड्स से टकराई, आगा नीचे झुके, गेंद उठाई और उसे वापस दे दिया। मिराज ने तेजी से गेंद पकड़ी और आगा के क्रीज से बाहर रहते हुए ही स्टंप्स बिखेरने रे बाद रन-आउट की अपील की।

मैदान पर मौजूद अंपायर ने अपील को सही ठहराया और फैसला तीसरे अंपायर के पास भेज दिया। थर्ड अंपायर ने भी बांग्लादेश के पक्ष में फैसला सुनाया और आगा के आउट होने की पुष्टि कर दी। इसके बाद आगा ने गुस्से में अपने ग्लव्स और हेलमेट जमीन पर फेंक दिए, जिसके चलते आईसीसी ने उन पर कार्रवाई की।

शनिवार को आईसीसी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "आगा को आईसीसी की 'खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कर्मियों के लिए आचार संहिता' के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। यह अनुच्छेद 'किसी इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग्स का गलत इस्तेमाल' करने से संबंधित है। इसके अलावा, आगा के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध था।"

आईसीसी ने कहा, "आगा ने अपनी गलती मान ली और अमीरात आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के नीयामुर राशिद राहुल की ओर से सुझाए गए दंड को स्वीकार कर लिया, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। ऑनफील्ड अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक और तनवीर अहमद, थर्ड अंपायर कुमार धर्मसेना, और फोर्थ अंपायर मसूदुर रहमान मुकुल ने यह आरोप लगाया था।"

लेवल-1 के उल्लंघन पर कम से कम आधिकारिक फटकार और ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना, और एक या दो डिमेरिट प्वाइंट्स की सजा मिलती है।

13 मार्च को खेले गए इस मैच में पाकिस्तानी टीम 47.3 ओवरों में 274 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम 23.3 ओवरों में 114 रन पर ढेर हो गई और पाकिस्तान ने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 128 रन से जीत हासिल की।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,712
Messages
16,749
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top