तेल अवीव, 14 मार्च। नीदरलैंड में एक यहूदी स्कूल के पास धमाके की खबर सामने आई। इजरायली मीडिया ने धमाके में नुकसान कम होने की जानकारी साझा की है। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर अपना आक्रोश जताया है। साथ ही, विदेश मंत्रालय ने ये आरोप लगाया है कि नीदरलैंड में हाल के कुछ समय में यहूदियों के खिलाफ नफरत (एंटीसेमिटिज्म) की भावना बढ़ गई है। इजरायल ने एंटीसेमिटिज्म के खिलाफ डच सरकार से कार्रवाई की मांग की।
इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "नीदरलैंड में एंटीसेमिटिज्म महामारी फैली हुई है। हमने इसका दायरा नवंबर 2024 में एम्स्टर्डम में इजरायलियों के खिलाफ हुए नरसंहार में देखा, दो दिन पहले रॉटरडैम में सिनेगॉग पर हुए हमले में और कल एम्स्टर्डम में एक यहूदी स्कूल पर हुए हमले में। अगला हमला कहां होगा? डच सरकार को एंटीसेमिटिज्म से लड़ने के लिए और भी बहुत कुछ करने की जरूरत है।"
डच न्यूज एजेंसी एएनपी की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार सुबह एम्स्टर्डम में एक यहूदी स्कूल में धमाके से नुकसान हुआ। शहर के मेयर ने इसे यहूदी समुदाय के खिलाफ जानबूझकर किया गया हमला बताया है। मेयर फेमके हाल्सेमा ने न्यूज एजेंसी को बताया कि धमाके से बहुत कम नुकसान हुआ है।
यह घटना डच पुलिस के उस बयान के एक दिन बाद हुई है जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने रॉटरडैम में एक सिनेगॉग के बाहर धमाका करने के शक में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। रॉटरडैम धमाके के बाद आग लगने की वजह से बिल्डिंग को नुकसान हुआ। इस महीने अब तक यह कम से कम नौवां डायस्पोरा सिनेगॉग है जिसे निशाना बनाया गया है।
इजरायली मीडिया के अनुसार, इस्लामिक मूवमेंट ऑफ द कम्पैनियंस ऑफ द राइट ने एम्स्टर्डम में यहूदी स्कूल पर हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उसने एक वीडियो जारी किया, जिसमें आग लगाने वाले डिवाइस का धमाका दिखाया गया है।
इस नए बने कट्टरपंथी समूह का नाम हाल के दिनों में हुए कई दूसरे यहूदी विरोधी हमलों से भी जुड़ा है। कट्टरपंथी समूह ने इससे ठीक एक दिन पहले रॉटरडैम में एक सिनेगॉग के बाहर हुआ ऐसा ही धमाका किया। इस मामले में डच पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया था।