बेगूसराय में सीएम नीतीश का बड़ा ऐलान: 274 करोड़ की सौगात, हर जिले में बनेंगे औद्योगिक क्षेत्र

बेगूसराय में बोले सीएम नीतीश कुमार, प्रत्येक जिले में औद्योगिक क्षेत्र की हो रही स्थापना


बेगूसराय, 14 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को बेगूसराय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। इसी क्रम में बियाडा प्रांगण में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने बेगूसराय जिले के लिए 274 करोड़ रुपए की लागत से 400 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 165 करोड़ रुपए की लागत से 211 योजनाओं का उद्घाटन तथा 109 करोड़ रुपए की लागत से 189 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने बेगूसराय औद्योगिक क्षेत्र स्थित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने केम्प्टी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड, मेडिवर्सल सिमरन, मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बेगूसराय एवं ऋषभराज (कूलप्लस प्लाटोवेयर) का उद्घाटन तथा एपिक एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर, बेगूसराय में स्थापित नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड का निरीक्षण कर वहां प्रोडक्शन किए जा रहे सामग्रियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे बिहार में औद्योगिक इकाइयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रत्येक जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है। इस प्रकार के नए उद्योग स्थापित होने से लोगों को रोजगार मिलेगा तथा इससे आसपास के इलाकों का भी काफी विकास होगा।

मुख्यमंत्री इस क्रम में जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने जहां एनडीए सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा की, वहीं पहले की सरकारों को निशाने पर भी लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार जब से बनी तब से राज्य में कानून का राज कायम है और हम लोग निरंतर बिहार के विकास में लगे हुए हैं। वर्ष 2005 से पहले बिहार का बहुत बुरा हाल था। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। समाज में काफी विवाद होता था। हिंदू-मुस्लिम के बीच अक्सर विवाद हुआ करता था।

उन्होंने कहा कि हम लोग शुरू से ही बिहार के विकास के काम में लगे हुए हैं। अब बिहार में किसी प्रकार के डर एवं भय का वातावरण नहीं है। राज्य में प्रेम, भाईचारा एवं शांति का माहौल है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई अन्य मंत्री और अधिकारी भी उपस्थित रहे।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,641
Messages
16,678
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top