काशीराम जयंती: नोएडा में उमड़ेगा जनसैलाब, दलित प्रेरणा स्थल के पास ट्रैफिक डायवर्ट, इन रास्तों से बचें

नोएडा: काशीराम जयंती पर दलित प्रेरणा स्थल पर उमड़ेगी समर्थकों की भीड़, यातायात पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान


नोएडा, 14 मार्च। दलित प्रेरणा स्थल, सेक्टर 95 नोएडा में 15 मार्च को काशीराम की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम जनता के पहुंचने की संभावना है। भीड़ के मद्देनजर यातायात प्रबंधन को सुचारू रखने और लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए यातायात पुलिस गौतमबुद्धनगर ने एक विस्तृत यातायात डायवर्जन योजना तैयार की है।

यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशिका के अनुसार, कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए कई महत्वपूर्ण मार्गों को डायवर्ट किया जाएगा। यह डायवर्जन पूर्वान्ह में आवश्यकतानुसार लागू किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

डायवर्जन प्लान के मुताबिक ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर (एक्सप्रेस-वे): यदि ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले मार्ग पर दलित प्रेरणा स्थल के पास यातायात का दबाव बढ़ता है तो वाहनों को महामाया पुल से सेक्टर 37 की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद यह यातायात सेक्टर 37, अट्टा पीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर 15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा।

ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर (गेट संख्या 4/5 के पास): इसी मार्ग पर दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 4 और 5 के पास यातायात दबाव की स्थिति में फिल्मसिटी पुल से वाहनों को सेक्टर 18 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन चालक सेक्टर 18 से रजनीगंधा चौक, सेक्टर 15 गोलचक्कर अथवा सेक्टर 18 अंडरपास से एलिवेटेड रोड होते हुए गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर (डीएनडी/फिल्मसिटी के पास): नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले मार्ग पर डीएनडी और फिल्मसिटी पुल के पास दबाव बनने पर वाहनों को सेक्टर 14ए पुल से सेक्टर 15 गोलचक्कर की ओर भेजा जाएगा। यह यातायात सेक्टर 15 गोलचक्कर से रजनीगंधा चौक, अट्टा पीर चौक और सेक्टर 37 होकर गंतव्य की ओर रवाना हो सकेगा। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए भी विस्तृत प्रबंध किए गए हैं, जिसमें बसें: कार्यक्रम में आने वाली सभी यात्री बसों की पार्किंग फिल्मसिटी के अंदर बनी मल्टीलेवल पार्किंग में होगी।

हल्के वाहन (पश्चिमी नोएडा/सेक्टर 37 की ओर से): परी चौक, सेक्टर 37 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 1 के अंदर पार्क किया जाएगा।

हल्के वाहन (दिल्ली की ओर से): दिल्ली की ओर से आने वाले हल्के वाहनों की पार्किंग फिल्मसिटी के अंदर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में की जाएगी।

हल्के वाहन (कालिंदी कुंज की ओर से): कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले हल्के वाहनों के लिए सेक्टर 95 स्थित नाले के पास दलित प्रेरणा स्थल की अंडरग्राउंड पार्किंग बनाई गई है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि डायवर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को सुचारू रूप से निकाला जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की समस्या या मार्ग संबंधी जानकारी के लिए यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं। यातायात पुलिस का प्रयास है कि कार्यक्रम के दौरान जनसाधारण को कम से कम परेशानी हो और यातायात व्यवस्था बिना किसी बाधा के संचालित रहे।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,703
Messages
16,740
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top