जेडी वेंस ने ईरान पर ट्रंप की कार्रवाई का किया बचाव, कहा- आर्थिक नीतियों से संवरे अमेरिकी परिवारों के दिन

ईरान पर ट्रंप की कार्रवाई का जेडी वेंस ने किया, बोले-आर्थिक नीतियों से अमेरिकी परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधरी


वाशिंगटन, 14 मार्च। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने नॉर्थ कैरोलिना में दिए अपने एक संबोधन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का बचाव किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार विकसित न कर सके।

साथ ही जेडी वेंस ने दावा किया कि ट्रंप प्रशासन की आर्थिक नीतियों से आम अमेरिकी परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।

नॉर्थ कैरोलिना के रॉकी माउंट शहर में आयोजित कार्यक्रम में वेंस ने कहा कि अमेरिका फिलहाल एक सैन्य अभियान में शामिल है, जिसका मकसद ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है।

जेडी वेंस ने इस दौरान विदेशों में तैनात अमेरिकी सैनिकों के समर्थन की भी अपील की। उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि आप हर उस व्यक्ति को बताएं जो विदेश में खतरे के बीच सेवा कर रहा है कि नॉर्थ कैरोलिना की यह भीड़ उनके साथ खड़ी है।"

हालांकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने यह बताने से इनकार कर दिया कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को क्या सलाह दी थी? वेंस ने कहा, "यह बेहद जरूरी है कि अमेरिका के राष्ट्रपति अपने सलाहकारों से खुलकर बातचीत कर सकें, बिना इस डर के कि उनके सलाहकार बाद में अमेरिकी मीडिया में जाकर सारी बातें बता देंगे।"

अपने संबोधन में वेंस ने इस संघर्ष के संभावित आर्थिक प्रभावों और बढ़ती ईंधन कीमतों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस स्थिति से निपटने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट और वित्त मंत्री स्कॉट बेसन प्रशासन की आर्थिक रणनीति को संभाल रहे हैं।

जेडी वेंस ने कहा, "राष्ट्रपति को तेल की ऊंची कीमतें पसंद नहीं हैं और मुझे भी नहीं। हमारा लक्ष्य है कि पेट्रोल पंप पर कीमतों को उस स्तर तक वापस लाया जाए जो अमेरिकी लोगों के लिए सही और उचित हो।"

कार्यक्रम के दौरान वेंस ने ट्रंप प्रशासन की आर्थिक नीतियों की भी तारीफ की। उन्होंने दावा किया कि इन नीतियों से आम अमेरिकी परिवारों की आय में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि जो बाइडेन के नेतृत्व में औसत अमेरिकी परिवार की टेक-होम इनकम में करीब 3,300 डॉलर की गिरावट आई थी, जबकि डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति रहते हुए इसमें लगभग 1,300 डॉलर की बढ़ोतरी हुई।

उपराष्ट्रपति ने कहा, "अमेरिका में महंगाई और महंगाई से जुड़ा संकट पैदा करने वाले राष्ट्रपति जो बाइडेन थे, जबकि अमेरिकी लोगों को 1,300 डॉलर ज्यादा समृद्ध बनाने वाले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं।"

जेडी वेंस ने यह भी दावा किया कि हाल के महीनों में महंगाई दर कम हुई है और ब्याज दरों में भी गिरावट देखने को मिली है, जो आर्थिक सुधार के संकेत हैं। शासन की आर्थिक नीतियों का मकसद कामकाजी परिवारों की समृद्धि बढ़ाना है।

कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराध दर कम करने के लिए अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे आपराधिक प्रवासियों को देश से बाहर करना जरूरी है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि नॉर्थ कैरोलिना के लोगों तक वह सभी संसाधन पहुंचें जिनकी उन्हें जरूरत है।

यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ईरान के खिलाफ ट्रंप प्रशासन की सैन्य कार्रवाई के बाद मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया है और अमेरिका के भीतर भी इस कार्रवाई के दायरे और उसके संभावित परिणामों को लेकर बहस तेज हो गई है।

डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से यह कहते रहे हैं कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे। पिछले करीब दो दशकों से कई अमेरिकी प्रशासन भी इसी नीति का समर्थन करते रहे हैं। यही मुद्दा अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का एक बड़ा कारण बना हुआ है और मध्य पूर्व की राजनीति में भी इसका महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता रहा है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,374
Messages
16,411
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top