नई दिल्ली, 13 मार्च। दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता शुक्रवार को शाहजहानाबाद पुनर्विकास बोर्ड की बैठक में शामिल हुईं। इसके बाद उन्होंने दिल्ली की पूर्व सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के द्वार खोले गए। अब इस बोर्ड के जीर्णोद्धार का वक्त आया है।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि वर्षों बाद इस बोर्ड की बैठक हुई। इस बोर्ड की वर्किंग के बाद जब मैंने कागजात पढ़े तो मुझे बहुत हैरानी हुई कि जो सरकार ताल ठोककर अपनी उपलब्धियों में शामिल करती थी, वह भ्रष्टाचार का बड़ा पुलिंदा है। 2018 से जिस विकास के काम की चर्चा उन्होंने की, 65 करोड़ से शुरू करके 148 करोड़ खर्च पहुंच गया। आज भी इस रकम की मांग हो रही है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड के तत्कालीन चेयरपर्सन और तत्कालीन मंत्री की भी पूरी दास्तान बोर्ड की कार्रवाई में दर्ज है। विकास के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया। अब इस बोर्ड के जीर्णोद्धार का वक्त आ गया । हम न सिर्फ उसका नाम बदलेंगे, बल्कि जरूरी काम भी शुरू करेंगे। हम एक बहुत ही खूबसूरत एरिया विकसित करेंगे। अब पूरा बोर्ड मुस्तैदी से काम करेगा।
दिल्ली सीएम ने बताया कि पुरानी दिल्ली की 28 सड़कों पर 160 करोड़ की लागत से काम चल रहा है। बाकी क्षेत्र में भी हम इलेक्ट्रिक वायर को अंडरग्राउंड करेंगे, टॉयलेट्स को भी व्यवस्थित करेंगे। टाउन हॉल भी बनाया जाएगा। पुरानी दिल्ली दिल्ली का दिल है, उसी विरासत को ध्यान में रखकर विकास किया जाएगा।
वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने पिछली सरकार पर आरोप लगाया कि उसने पुरानी दिल्ली के लिए कोई कार्य नहीं किया। दिल्ली सीएम के नेतृत्व में अब ये बोर्ड दिल्ली की सांस्कृतिक धरोहर, पुरानी आबादी क्षेत्र के संरक्षित करने और विकास करने का हमारा संकल्प है। इस पर आज से चर्चा शुरू हुई है। सभी एजेंसियों के साथ मिलकर हम काम करेंगे।
गैस सिलेंडर की किल्लत पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बार-बार कहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है। केवल कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही गई है। कुछ लोगों को कोरोना काल के बाद भय पैदा करके अपनी राजनीति चमकाने का मौका मिला है। अरविंद केजरीवाल जैसे लोग जिन्होंने दिल्ली को अपनी राजनीति के लिए लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए तरसा दिया था, हाईकोर्ट को भी इस पर टिप्पणी करनी पड़ गई थ।ी