चेन्नई के लिए संजीवनी होंगे संजू सैमसन! पीयूष चावला बोले- शानदार फॉर्म में, चेपॉक में मचाएंगे गदर

संजू सैमसन का फॉर्म में होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए फायदेमंद: पीयूष चावला


नई दिल्ली, 13 मार्च। भारत के पूर्व स्पिनर पीयूष चावला का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स के घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच संजू सैमसन को काफी रास आएगी। संजू आईपीएल 2026 में चेन्नई की तरफ से अपना पहला सीजन खेलते हुए नजर आएंगे। विकेटकीपर-बल्लेबाज को ऑक्शन से पहले चेन्नई ने राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया है।

सैमसन हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप में कुछ बेहतरीन पारियां खेलकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में आ रहे हैं। इस टूर्नामेंट में विकेटकीपर-बल्लेबाज ने सुपर 8 मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार पारी खेली थी। वहीं, सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में सैमसन ने 89 रनों की लाजवाब पारी खेलते हुए भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया था।

पीयूष चावला का मानना है कि संजू का फॉर्म में होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आगामी सीजन में काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। उन्होंने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, "संजू सैमसन अपने आप में एक मैच विनर हैं। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीन दमदार पारियां खेलकर अपने आलोचकों को गलत साबित करके दिखाया। चेन्नई की टीम उनकी फॉर्म से बहुत खुश होगी, क्योंकि सैमसन ने आईपीएल शुरू होने से ठीक पहले अपनी बेहतरीन फॉर्म हासिल कर ली है। यह चेन्नई फैंस के लिए बहुत अच्छी खबर है। चेन्नई की बात करें तो वहां की पिच जिस तरह से है वह निश्चित रूप से संजू सैमसन के लिए मुफीद होगी।"

आईपीएल 2026 के ऑक्शन से पहले सैमसन को राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स में रवींद्र जडेजा और सैम करन की जगह ट्रेड किया गया है। सैमसन ने 177 आईपीएल मैच खेले हैं और 30.95 की औसत से 4707 रन बनाए हैं। संजू आईपीएल में 3 शतक और 26 अर्धशतक लगा चुके हैं। सैमसन के पास कप्तानी करने का भी अच्छा खासा अनुभव मौजूद है।

चावला ने आगे कहा कि सैमसन का आक्रामक अंदाज चेन्नई की धीमी शुरुआत की समस्या को दूर करने में मदद करेगा। 37 वर्षीय चावला के अनुसार, सैमसन भारत की अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ पारी का आगाज करेंगे। पिछले सीजन आयुष ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया था।

चावला ने कहा, "पारी की शुरुआत में संजू सैमसन का आक्रामक अंदाज चेन्नई सुपर किंग्स को बहुत फायदा पहुंचाएगा। पिछले सीजन चेन्नई को तेज शुरुआत नहीं मिल पा रही थी, जो टीम के लिए बड़ी समस्या रही थी। आयुष म्हात्रे के आने के बाद ही चेन्नई सुपर किंग्स पावरप्ले में रन बनाने लगी थी। अब सैमसन के टीम में आने से उनकी ओपनिंग की समस्याएं आखिरकार हल हो जाएंगी। चेन्नई को आयुष म्हात्रे के साथ एक अनुभवी ओपनर की जरूरत थी। सैमसन का टीम में आना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए काफी फायदेमंद होगा।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,232
Messages
16,269
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top