लखनऊ, 13 मार्च। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने एलपीजी संकट पर प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाया है कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। गैस की किल्लत नहीं है और सभी को गैस मुहैया कराई जा रही है। किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यूपी में निवेश का अच्छा माहौल है और डबल इंजन सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। अफवाहों के चक्कर में न पड़ें।
उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का संघर्ष है जिसके चलते थोड़ी समस्या पैदा हुई, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि गैस की कमी है। लोगों को गैस मुहैया कराई जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में एक कमेटी बनी, जिसमें यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी आम आदमी को गैस की किल्लत से जूझना न पड़े। साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर भी सरकार सजग है।
उन्होंने कहा कि अभी बाहर से कच्चा तेल का बड़ा जहाज आया है। भारत एक बड़ा देश है, जहां जरूरत ज्यादा है। अगर छोटा देश होता तो इस तेल से पूर्ति हो जाती। विपक्ष द्वारा लगातार एलपीजी संकट को लेकर सरकार को घेरा जा रहा है, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है।
सुरेश खन्ना ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वह पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। गैस की कालाबाजारी करने वालों को भी सख्त चेतावनी दी गई है कि अगर कालाबाजारी की गई तो कार्रवाई की जाए। यूपी की डबल इंजन सरकार हर समस्या से निपटना जानती है।
यूपी सरकार द्वारा कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। रसोई गैस की कमी से संबंधित अफवाहों से बचें। यदि कोई वितरक एजेंसी अथवा निजी व्यक्ति कालाबाजारी या जमाखोरी करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार हर परिस्थिति में आमजन की सुविधा और आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है।