बारामती प्लेन क्रैश: न्याय की आस में पिंकी माली के पिता ने शरद पवार से मिलकर की निष्पक्ष जांच की मांग

बारामती प्लेन क्रैश : शरद पवार से मिले फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के पिता, निष्पक्ष जांच की लगाई गुहार


मुंबई, 13 मार्च। बारामती में प्लेन क्रैश मामले को लेकर फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक शरद पवार से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे भी मौजूद रहे।

शिवकुमार माली ने अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग उठाते हुए पूरे विमान हादसे की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

मुलाकात के दौरान उन्होंने हादसे से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिवकुमार माली ने कहा कि अगर जांच निष्पक्ष तरीके से होती है तो सच सामने आएगा और जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से अपील की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं, इससे पहले दिवंगत नेता अजित पवार के भतीजे और विधायक रोहित पवार ने भी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर प्लेन क्रैश के बारे में एकत्र की गई जानकारी उन्हें सौंपी थी। रोहित पवार ने दुर्घटना में मारे गए अजित पवार के सुरक्षाकर्मी के परिवारों की मांग पर भी उपमुख्यमंत्री शिंदे के साथ चर्चा की थी।

एनसीपी-एसपी विधायक रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया था कि अजित पवार के प्लेन क्रैश के बारे में उन्होंने मुंबई में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की और उन्हें हादसे के बारे में जुटाए गए पूरे दस्तावेज उन्हें सौंपे। उन्हें हादसे की जांच में किए जा रहे फॉलोअप के बारे में बताया और इस दुर्घटना में अजित पवार के साथ मारे गए जाधव, माली और पाठक के परिवारों की मांगों पर भी चर्चा की।

बता दें कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार का 28 जनवरी को बारामती में विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। वे निजी विमान से बारामती जा रहे थे, जहां उन्हें जनसभा को संबोधित करना था। लैंडिंग के समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें पायलट और सह-पायलट समेत चार अन्य लोगों की भी मृत्यु हो गई थी। हालांकि, अजित पवार के निधन के बाद से विमान दुर्घटना को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,154
Messages
16,191
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top