मुंबई सेंट्रल: रेलवे अस्पताल में सनसनी, सर्जरी से पहले महिला डॉक्टर की रहस्यमय मौत, पुलिस जांच शुरू

मुंबई सेंट्रल के रेलवे अस्पताल में महिला डॉक्टर की संदिग्ध हालात में मौत, जांच में जुटी पुलिस


मुंबई, 13 मार्च। मुंबई सेंट्रल स्थित पश्चिम रेलवे के जगजीवनराम अस्पताल में तैनात एक महिला डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। डॉक्टर का शव अस्पताल परिसर में स्थित उनके कमरे में मिला। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, डॉ. अनुजा कुलकर्णी को बीते दिन अस्पताल में पहले से निर्धारित कई सर्जरी करनी थीं लेकिन तय समय पर वह ऑपरेशन थिएटर नहीं पहुंचीं। सहकर्मियों ने उन्हें कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। लगातार संपर्क न हो पाने के कारण उनके साथ काम करने वाले डॉक्टरों को संदेह हुआ।

इसके बाद एक जूनियर डॉक्टर चौथी मंजिल पर स्थित उनके कमरे तक पहुंचा और दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर उसने दरवाजे के कांच से अंदर झांककर देखा तो डॉ. कुलकर्णी कुर्सी के पास फर्श पर गिरी हुई दिखाई दीं। यह दृश्य देखकर उसने तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलने पर अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे और डॉक्टर की जांच की। जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कमरे का पंचनामा कर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कमरे में महिला डॉक्टर का शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद था।

मृतका की पहचान डॉ. अनुजा कुलकर्णी के रूप में हुई है, जो अविवाहित थीं और अस्पताल के ईएनटी (कान-नाक-गला) विभाग में कार्यरत थीं। मुंबई के टार्डियो पुलिस स्टेशन में इस मामले में एडीआर के तहत मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

फिलहाल डॉक्टर की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने अस्पताल परिसर और चौथी मंजिल के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,012
Messages
16,049
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top