ब्रोकरेज द्वारा टारगेट प्राइस घटाने के बाद इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में आई 4 प्रतिशत की गिरावट

ब्रोकरेज द्वारा टारगेट प्राइस घटाने के बाद इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में आई 4 प्रतिशत की गिरावट


मुंबई, 12 मार्च। इंडिगो एयरलाइन की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड के शेयर हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को गिर गए। यह गिरावट तब आई जब वैश्विक ब्रोकरेज फर्म सिटी ने इस स्टॉक के लिए अपना टारगेट प्राइस घटा दिया।

ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस को करीब 10.5 प्रतिशत घटाकर पहले के 5,700 रुपए से 5,100 रुपए प्रति शेयर कर दिया।

हालांकि टारगेट प्राइस कम करने के बावजूद सिटी ने इस स्टॉक पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। नया टारगेट प्राइस भी स्टॉक के पिछले बंद भाव से करीब 17 प्रतिशत की संभावित तेजी का संकेत देता है।

सिटी के अनुसार, पिछले एक साल में इंडिगो को कई नकारात्मक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है, जिससे उसके संचालन और भविष्य की संभावनाओं पर असर पड़ा है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, सबसे पहले पहली तिमाही में प्रतिकूल भू-राजनीतिक माहौल का असर एयरलाइन के प्रदर्शन पर पड़ा।

इसके बाद साल के दौरान फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) के सख्त नियम लागू होने से कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिससे एयरलाइन के तीसरी तिमाही के प्रदर्शन पर दबाव आया।

जब एयरलाइन का संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा था, तभी ईरान, इजरायल और अमेरिका से जुड़ा नया भू-राजनीतिक तनाव सामने आ गया, जिससे अनिश्चितता और बढ़ गई।

ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण इंडिगो के अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशंस भी प्रभावित हुए हैं।

इसके अलावा ईंधन की बढ़ती कीमतें और भारतीय रुपए की कमजोरी आने वाले महीनों में एयरलाइन की लाभप्रदता पर दबाव डाल सकती हैं।

हालांकि सिटी ने कुछ सकारात्मक संकेतों की ओर भी इशारा किया है। जनवरी में इंडिगो ने घरेलू बाजार में अपनी हिस्सेदारी फिर से बढ़ाई, जिसे ब्रोकरेज ने मजबूत वापसी बताया।

एयरलाइन की मार्केट शेयर जनवरी में 59.6 प्रतिशत से बढ़कर 63.6 प्रतिशत हो गई, जिससे पहले आई गिरावट की भरपाई हुई।

सिटी के अनुसार, इंडिगो की लागत संरचना अभी भी अपने कई प्रतिस्पर्धियों की तुलना में मजबूत है, जो उसके लिए एक सकारात्मक पहलू है।

ब्रोकरेज की रिपोर्ट आने के बाद इंटरग्लोब एविएशन के शेयर दिन के कारोबार में करीब 3.6 प्रतिशत गिरकर 4,194.10 रुपए के इंट्रा-डे लो स्तर तक पहुंच गए।

वहीं, दोपहर करीब 2:55 बजे कंपनी के शेयर 2.51 प्रतिशत गिरकर 4,243.50 रुपए पर कारोबार करते नजर आए। पिछले एक महीने में यह स्टॉक करीब 14.80 प्रतिशत गिर चुका है। कंपनी के शेयरों का 52-हफ्ते का उच्चतम स्तर 6,232.50 रुपए और 52-हफ्ते का निम्नतम स्तर 4,035 रुपए है। वहीं कंपनी का मार्केट कैप 1.64 लाख करोड़ रुपए है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,734
Messages
15,771
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top