सुनील ग्रोवर ने 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' फिनाले में मचाया तहलका, कादर खान बनकर लूटी महफिल, देखें प्रोमो

'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के फिनाले में सुनील ग्रोवर का धमाका, कादर खान बनकर लूटी महफिल


मुंबई, 12 मार्च। कॉमेडी की दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो अपने अंदाज और प्रतिभा से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना लेते हैं। जब ऐसे कलाकार किसी दिग्गज अभिनेता की मिमिक्री करते हैं, तो वह पल दर्शकों के लिए और भी खास बन जाता है। इन दिनों कमीडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर एक बार फिर चर्चा में हैं।

वजह है उनका हाल ही में जारी किया गया प्रोमो, जिसमें वह दिवंगत अभिनेता कादर खान की मिमिक्री करते नजर आ रहे हैं। यह प्रोमो कॉमेडी शो 'द ग्रट इंडियन कपिल शो' के सीजन फिनाले से जुड़ा है। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

दरअसल, सुनील ग्रोवर ने अपने सोशल मीडिया पर शो का एक मजेदार प्रोमो साझा किया है। वीडियो की शुरुआत मशहूर कमीडियन और शो के होस्ट कपिल शर्मा की आवाज से होती है। कपिल कहते सुनाई देते हैं कि आज शो का फिनाले एपिसोड है। इसके बाद स्टेज पर एक दिलचस्प एंट्री दिखाई जाती है। अभिनेता वरुण धवन अपने पिता और मशहूर निर्देशक डेविड धवन को रिक्शे में बैठाकर स्टेज पर एंट्री लेते हैं और खुद रिक्शा चलाते नजर आते हैं।

शो में बातचीत के दौरान कपिल शर्मा, डेविड धवन से मजेदार अंदाज में सवाल करते हैं। वह पूछते हैं, 'अक्सर कहा जाता है कि घर की मुर्गी दाल बराबर होती है, ऐसे में अपने ही बेटे के साथ काम करना कितना मुश्किल होता है।' इस पर डेविड धवन हंसते हुए जवाब देते हैं, 'वरुण हर जगह सवाल पूछता रहता है, जैसे कि यह क्यों करना है और ऐसा क्यों करना है। कई बार मैं इतना परेशान हो जाता हूं कि कह देता हूं कि मैं बोल रहा हूं इसलिए कर लो।'' उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद दर्शक ठहाके लगाकर हंसने लगते हैं।

इसके बाद कपिल शर्मा, वरुण धवन से भी मजेदार सवाल पूछते हैं। वह कहते हैं, 'आपके सामने ही आपके पिता एक लेजेंडरी निर्देशक हैं और आपको फिल्मी करियर का रास्ता घर में ही दिखाई देता है, लेकिन जब आप बाहर जाकर फिल्में साइन करते हैं, तो क्या आपके पिता आपको घूरते नहीं हैं?'

इस सवाल पर वरुण धवन भी मजेदार जवाब देते हैं। वह कहते हैं, 'घर में जो माहौल होता है, वह किसी लेजेंडरी निर्देशक जैसा नहीं होता। पापा घर पर अक्सर लूंगी में बैठे रहते हैं। जब मेरी और मेरी भाई रोहित की शादी हुई, तब जाकर उन्होंने टी-शर्ट पहननी शुरू की।'' यह बात कहते ही वरुण हंसते हुए अपने पिता को गले लगा लेते हैं।

प्रोमो में आगे कॉमेडी का तड़का तब और बढ़ जाता है, जब मंच पर किकू शारदा और सुनील ग्रोवर की एंट्री होती है। दोनों अपने कॉमिक अंदाज और डांस से दर्शकों का खूब मनोरंजन करते हैं। इस बार शो में एक खास सेगमेंट भी दिखाया गया है, जिसमें फिल्म 'साजन चले ससुराल' के किरदारों को दोबारा मंच पर उतारा गया है। इस दौरान कमीडियन कृष्णा अभिषेक अभिनेता गोविंदा के मशहूर किरदार श्याम सुंदर के रूप में नजर आते हैं, जबकि किकू शारदा अभिनेता सतीश कौशिक के किरदार मुथुस्वामी का मजेदार किरदार निभाते हैं। इसी दौरान सुनील ग्रोवर अभिनेता कादर खान के किरदार खुराना की मिमिक्री करते दिखाई देते हैं, जिसने दर्शकों को चौंका दिया।

इस प्रोमो को साझा करते हुए सुनील ग्रोवर ने कैप्शन में लिखा, ''सीजन फिनाले में कॉमेडी की नंबर वन जोड़ी आ रही है। डेविड धवन और वरुण धवन शो के फिनाले एपिसोड में नजर आएंगे। यह 14 मार्च को रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।''

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों ने प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। इस कड़ी में अभिनेता और टीवी कलाकार बख्तियार ईरानी ने कमेंट करते हुए सुनील ग्रोवर की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, "अब सिर्फ कादर खान की मिमिक्री ही बाकी थी और सुनील ने वह भी कर दिखाया। आप इस समय टेलीविजन पर होने वाली सबसे बेहतरीन चीजों में से एक हैं। आपने शो में सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।"

वहीं कई दर्शकों ने भी कमेंट कर अपनी खुशी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा, ''यह पहली बार है जब किसी ने लाइव स्टेज पर कादर खान जैसे महान अभिनेता की मिमिक्री की है और सुनील ग्रोवर ने इसे शानदार तरीके से निभाया है।''

एक अन्य यूजर ने कहा, ''एक पल के लिए तो ऐसा लगा जैसे सच में कादर खान ही मंच पर खड़े हों।''
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,730
Messages
15,767
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top