केंद्रीय गृह मंत्री के भाषण पर स्पीकर ने आपत्ति नहीं जताई: प्रियंका गांधी वाड्रा

केंद्रीय गृह मंत्री के भाषण पर स्पीकर ने आपत्ति नहीं जताई: प्रियंका गांधी वाड्रा


नई दिल्ली, 11 मार्च। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जिस तरह की भाषा का प्रयोग अमित शाह ने किया, वह ठीक नहीं था। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने आपत्ति क्यों नहीं जताई?

लोकसभा में अमित शाह ने कहा कि विपक्ष के नेता की शिकायत है कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। विपक्ष के नेता की आवाज दबाई जा रही है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कौन तय करेगा कि किसे बोलना है। जब बोलने का मौका आता है, तो आप जर्मनी या इंग्लैंड में दिखते हैं। फिर वह शिकायत करते हैं।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि नो-कॉन्फिडेंस मोशन स्पीकर के खिलाफ था, राहुल गांधी के खिलाफ नहीं। उन्हें उस मुद्दे पर बोलना चाहिए था। उन्होंने आज पार्लियामेंट में एक असंसदीय शब्द का इस्तेमाल किया, लेकिन स्पीकर ने इस पर आपत्ति नहीं जताई।

कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि स्पीकर के व्यवहार पर आपत्ति थी, वरना कोई वजह नहीं थी। अमित शाह खुद कह रहे थे कि इतिहास में स्पीकर के खिलाफ सिर्फ दो बार नो-कॉन्फिडेंस मोशन आया है। अमित शाह ने ठीक कहा है कि कानून नियम के अनुसार चलता है। मैं उनसे पूछता हूं कि क्या कानून सिर्फ विपक्ष के लिए है। वर्तमान की सरकार और बाकी लोगों के लिए कानून के नियम नहीं हैं।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने नो-कॉन्फिडेंस मोशन पर कहा कि हम सभी सदस्य स्पीकर ओम बिरला का पूरा सम्मान करते हैं। भाजपा के लोगों का लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है। महिला सांसदों के बारे में सरकार ने स्पीकर के माध्यम से बयान जारी करवाया कि पीएम की सुरक्षा को खतरा हो सकता था।

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि सभी भाषण और बातें स्पीकर के लिए थीं। जिस तरह से हाउस चलना चाहिए था, उस प्रक्रिया पर बात होनी थी। अमित शाह जिस तरह से भाषा का प्रयोग करते हैं, वह ठीक नहीं है। इस तरह की भाषा निंदनीय है। व्यवहार में सुधार लाना चाहिए।

सपा सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर गैस की शॉर्टेज देखने को मिली। भाजपा बताए कि संकट से बाहर निकलने के लिए प्रदेश या केंद्र की सरकार द्वारा क्या बंदोबस्त किए गए हैं।

सांसद महुआ माजी ने कहा कि जाहिर है कि जिसके पास नंबर स्ट्रेंथ होगी, वही हाउस में अपने नंबर के हिसाब से फैसले लेगा। आवाज उठाना विपक्ष का काम है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,538
Messages
15,575
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top