भोपाल, 11 मार्च। मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है एवं आपूर्ति बनी हुई है, इसलिए उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
वर्तमान में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध छिड़ा हुआ है, जिसका असर दुनिया के कई देशों में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पर पड़ रहा है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सभी जिला कलेक्टर्स को निर्देशित किया गया है कि किसी भी स्थिति में वितरक स्तर पर एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी की स्थिति निर्मित न हो। वर्तमान में प्रदेश में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है एवं आपूर्ति बनी हुई है।
मौजूदा हालात और उपभोक्ताओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार, द्वारा सभी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि एलपीजी की आपूर्ति एवं विपणन केवल घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को किया जाए।
ऑयल कंपनियों द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए वितरण प्रणाली में कुछ उपाय शुरू किए गए हैं। अब पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जा रही है। इसका उद्देश्य कालाबाजारी और अफरातफरी को रोकना तथा उपभोक्ताओं को नियमित रूप से समान वितरण सुनिश्चित करना है।
इन परिस्थितियों में ऑयल कंपनियों द्वारा तय किया गया है कि वर्तमान में चिकित्सालय एवं शैक्षणिक संस्थाओं के अलावा किसी और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं (होटल, मॉल, वल्क एलपीजी का उपयोग करने वाले औद्योगिक क्षेत्र, फैक्ट्री आदि) को कॉमर्शियल एलपीजी की सप्लाई नहीं की जाएगी।
राज्य सरकार की ओर से सभी कलेक्टर को जिला स्तर पर खाद्य विभाग तथा ऑयल कंपनी के अधिकारी और एलपीजी वितरकों के साथ नियमित रूप से बैठक कर वाणिज्यिक और घरेलू सिलेंडर की उपलब्धता की समीक्षा करने को कहा गया है। साथ ही जिले के बड़े वाणिज्यिक उपभोक्ताओं की भी बैठक कर उनके पास उपलब्ध स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने एवं उनकी ईंधन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वैकल्पिक ईंधन आपूर्ति या स्रोतों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।