इजराइल-ईरान युद्ध से LPG आपूर्ति प्रभावित: कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बोले- केंद्र उठा रहा कदम, कांग्रेस को घेरा

एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र उठा रहा कदम: कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष


बेंगलुरु, 11 मार्च। कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बी.वाई. विजयेंद्र ने बुधवार को कहा कि इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन केंद्र सरकार स्थिति को संभालने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेस नेताओं की आलोचना भी की।

विधान सौधा के पास पत्रकारों से बातचीत में विजयेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि अचानक युद्ध छिड़ने से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेता सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, जो उनकी समझ की कमी को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार शाम से एलपीजी सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। विजयेंद्र ने कहा कि पिछले 12 दिनों से अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध चल रहा है और मीडिया में भी व्यापक रूप से बताया गया है कि इस संघर्ष का वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति पर असर पड़ा है।

उन्होंने बताया कि देश में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं, लेकिन उपभोक्ताओं को परेशानी न हो इसके लिए केंद्र सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसके बावजूद कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन करना उनकी राजनीतिक सोच को दर्शाता है।

राज्य के बजट का जिक्र करते हुए विजयेंद्र ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य सरकार ने 4.48 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट पेश किया, लेकिन इसके बावजूद राज्य की आर्थिक स्थिति चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिवमोगा, कारवार और हुब्बली-धारवाड़ जिलों में पुलिसकर्मियों को फरवरी महीने का वेतन अब तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि 11 मार्च हो जाने के बावजूद पुलिसकर्मियों को वेतन नहीं दिया गया, जो राज्य की खराब आर्थिक स्थिति को दर्शाता है।

विजयेंद्र ने कहा कि बजट पेश करते समय मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पास कई महत्वपूर्ण फैसले लेने का अवसर था, लेकिन उन्होंने उस अवसर का सही उपयोग नहीं किया।

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और इजराइल ने युद्ध की घोषणा से पहले न तो भारत को और न ही किसी पड़ोसी देश को इसकी जानकारी दी थी। युद्ध अचानक शुरू हुआ, जिसके कारण इस तरह की समस्याएं सामने आई हैं।

विजयेंद्र ने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में एलपीजी आपूर्ति की समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युद्ध के प्रभावों की लगातार समीक्षा कर रही है और किसी भी चुनौती से निपटने की क्षमता रखती है।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,443
Messages
15,480
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top