मुंबई, 11 मार्च। मायानगरी मुंबई को अक्सर सपनों का शहर कहा जाता है। यहां हर दिन हजारों लोग अपने सपनों को पूरा करने के लिए आते हैं। मुंबई को 'स्पिरिट ऑफ मुंबई' के नाम से भी जाना जाता है। इस शहर की इसी खासियत को मशहूर गायक शान ने हाल ही में एक इवेंट के दौरान विस्तार से बताया और मुंबई के लोगों के जज्बे की दिल खोलकर तारीफ की।
शान ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए मुंबई की खास पहचान के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ''मुंबई शहर हर दिन लाखों लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। लोग यहां अपने सपनों के साथ आते हैं और मेहनत के दम पर उन्हें पूरा करने की कोशिश करते हैं। यह एक ऐसा शहर है जो कभी नहीं रुकता। यहां हर दिन नई उम्मीद और नए अवसर मिलते हैं, इसलिए लोग इस शहर से गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं।
शान ने मुंबई की चुनौतियों पर कहा, ''शहर में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी दिक्कतें, ट्रैफिक, लंबा सफर और बढ़ता प्रदूषण जैसी समस्याएं मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद मुंबई के लोग हिम्मत नहीं हारते। इतनी सारी परेशानियों के बावजूद यहां के लोग खुश रहना जानते हैं। लोग अपनी जिंदगी में आने वाली चुनौतियों को मुस्कुराकर स्वीकार करते हैं और आगे बढ़ते रहते हैं। यहां के लोगों की यही सकारात्मकता पूरे देश के लिए प्रेरणा है और हमें इस पर गर्व होना चाहिए।''
उन्होंने मुंबई की लोकल ट्रेनों का उदाहरण देते हुए कहा, "अगर कोई इस शहर की असली तस्वीर देखना चाहता है तो उसे एक बार लोकल ट्रेन में सफर करना चाहिए। वहां हजारों लोग रोजाना लंबी दूरी तय करते हैं, भीड़ का सामना करते हैं, और कई बार मुश्किल हालात में भी सफर करते हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिलती है। यह बात मुझे काफी प्रेरित करती है। मैं भी अपनी संगीत के जरिए लोगों को खुशी देने की कोशिश करता हूं।"