नई दिल्ली, 11 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईंधन और गैस सप्लाई को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस मामले में साफ दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं और किसी भी तरह की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्राट चौधरी ने कहा, "भारत सरकार ने स्पष्ट गाइडलाइन जारी की है। अगर कोई भी ब्लैक मार्केटिंग में शामिल पाया गया तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि जनता को सभी सुविधाएं मिलती रहें।"
दरअसल, देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की संभावित कमी को देखते हुए डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने कुछ अस्थायी फैसले लिए हैं। कई जगहों पर कमर्शियल ग्राहकों के लिए गैस सिलेंडर की डिलीवरी फिलहाल रोक दी गई है। हालांकि, डिस्ट्रीब्यूटर्स ने यह भी साफ किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं है और आम लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
वेस्ट एशिया संघर्ष के बीच फ्यूल और गैस सप्लाई में रुकावट पर तमिलनाडु के एक शेफ ने कहा, "मेरा नाम बाला विनयगम है। हर साल, हम 10 दिन के कराईकुडी मुथुमारीअम्मन मंदिर फेस्टिवल के लिए खाना बनाते हैं। इस साल, हमने गैस स्टोव का इस्तेमाल करके खाना बनाने की कोशिश की, लेकिन गैस सिलेंडर की कमी थी। हमें बताया गया कि डिमांड बहुत ज्यादा है और कोई सिलेंडर उपलब्ध नहीं है।"
इसी दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भी विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2005 से ही उन्हें हार का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, "लालू परिवार 2005 से लगातार हारता आ रहा है और अब तो उन्हें हारने की आदत पड़ चुकी है।"
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने के सवाल पर भी सम्राट चौधरी ने 9 मार्च को प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि यह जदयू का आंतरिक फैसला है और भाजपा इसका स्वागत करती है।
सम्राट चौधरी ने कहा, "हम इसका स्वागत करते हैं। यह जदयू का अपना निर्णय है। उन्होंने फैसला लेकर निशांत कुमार को पार्टी में शामिल कराया है, और हम उनका स्वागत करते हैं।"