लखनऊ, 10 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट के उस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है, जिसमें उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हाइब्रिड वार्षिकी आधार पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना उपमार्ग से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक नए सड़क निर्माण के लिए 3630.77 करोड़ रुपए के संशोधित परिव्यय को स्वीकृति दी गई है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोड़ने वाली ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी परियोजना हेतु 3,630.77 करोड़ रुपए की संशोधित लागत को दी गई स्वीकृति अभिनंदनीय है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मध्य 31.42 किमी लंबा यह अत्याधुनिक कॉरिडोर एनसीआर क्षेत्र में निर्बाध एवं तीव्र आवागमन को सशक्त बनाने के साथ आर्थिक गतिविधियों, निवेश संभावनाओं तथा लॉजिस्टिक्स दक्षता को नई गति प्रदान करेगा। विशेष रूप से 11 किमी लंबा एलिवेटेड सेक्शन फरीदाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास और कायाकल्प में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
आधुनिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करते हुए उत्तर प्रदेश को एक सशक्त कनेक्टिविटी हब के रूप में स्थापित करने वाली यह महत्वपूर्ण परियोजना 'विकसित भारत' के संकल्प को नई गति देने के साथ 'विकसित उत्तर प्रदेश' के निर्माण में भी एक मजबूत आधार सिद्ध होगी। इस दूरदर्शी एवं जनहितैषी निर्णय हेतु आपका आभार प्रधानमंत्री जी।
31.42 किलोमीटर लंबा यह गलियारा दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधा और उच्च गति का संपर्क मार्ग होगा, जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आर्थिक विकास और प्रचालन दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।
यह गलियारा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़ेगा, जिससे बहुआयामी परिवहन संभव होगा। यह उच्च गलियारा संरचनात्मक सुधार के साथ ही शहरी अवसंरचना परिवर्तन, क्षेत्रीय संपर्क और राष्ट्रीय परिचालन दक्षता का महत्वपूर्ण साधन होगा। जेवर हवाई अड्डे - दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कॉरिडोर की पूरी क्षमता के उपयोग और फरीदाबाद में सतत शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए इसका निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
इस परियोजना का लगभग 11 किलोमीटर लंबा हिस्सा एलिवेटेड मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा जो डीएनडी-बल्लभगढ़ बाईपास और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच नए संपर्क मार्ग का महत्वपूर्ण खंड है और इसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ता है। यह गलियारा फरीदाबाद मास्टर प्लान, 2031 के तहत घनी आबादी वाले शहरी विकास और भविष्य के बुनियादी ढांचे के विस्तार के निर्धारित क्षेत्र से होकर गुजरेगा। प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर की अतिरिक्त लागत 689.24 करोड़ रुपए है। हरियाणा सरकार ने इसमें 450 करोड़ रुपए वहन करने पर सहमति जताई है।