नवादा, 10 मार्च। जनगणना 2027 को लेकर बिहार के नवादा जिले में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार डीआरडीए सभागार में जनगणना कार्य की तैयारी के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 9 मार्च से 11 मार्च तक चलेगा, जिसमें जिलास्तरीय, अनुमंडल स्तरीय तथा सहायक चार्ज अधिकारी (ग्रामीण/नगर) सहित संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल मोड में कराई जाएगी। इसके लिए विशेष मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल का उपयोग किया जाएगा, जिससे डेटा संग्रहण अधिक सटीक और तेज़ी से किया जा सकेगा।
जनगणना निदेशालय के नोडल पदाधिकारी रंजय कुमार सिंहा और रंजीत कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि डिजिटल जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण (मकान सूचीकरण) 2 मई से 31 मई 2026 तक और दूसरा चरण (जनगणना) 09 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा।
पहले चरण के दौरान कुल 33 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें मकान के निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग, मकान मालिक का नाम, बिजली-पानी और शौचालय जैसी सुविधाओं की उपलब्धता जैसी जानकारियां ली जाएंगी। इसके साथ ही घर में मौजूद मोटरसाइकिल, कंप्यूटर, मोबाइल फोन और उपयोग किए जाने वाले अनाज से संबंधित विवरण भी ऐप के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे।
इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी खासियत स्व-गणना होगी। इसके तहत आम नागरिक स्वयं भी ऑनलाइन पोर्टल पर अपने और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक एक वेब पोर्टल उपलब्ध कराया जाएगा, जहां लोग घर बैठे अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद संबंधित प्रगणक (एन्यूमेरेटर) घर-घर जाकर एसईआईडी के माध्यम से उस डेटा का सत्यापन कर अंतिम रूप से सबमिट करेंगे।
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 12 से 14 मार्च तक जिले के मास्टर ट्रेनर्स को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आगे प्रगणकों और अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नवादा सदर और रजौली के अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।