नई दिल्ली, 10 मार्च। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के स्थापना दिवस के मौके पर देश भर के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सीआईएसएफ के स्थापना दिवस पर बधाई दी है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "सीआईएसएफ स्थापना दिवस पर हमारे वीर जवानों को हार्दिक शुभकामनाएं। भारत की रक्षा के लिए आपका समर्पण, त्याग और साहस हमारे लिए गर्व और प्रेरणास्त्रोत है।"
वहीं, सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक एक्स पोस्ट पर लिखा है, "राष्ट्र की सेवा में 57 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया। पिछले 57 वर्षों से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) भारत के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की रक्षा करता आ रहा है। अटूट सतर्कता, अनुशासन और व्यावसायिकता के साथ राष्ट्र की महत्वपूर्ण संपत्तियों की सुरक्षा करता रहा है। सीआईएसएफ स्थापना दिवस पर हम सुरक्षा और सेवा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने और अपने आदर्श वाक्य "संरक्षण और सुरक्षा” के प्रति दृढ़ रहने का संकल्प दोहराते हैं।"
गौरतलब है कि 1968 में संसद के 50वें अधिनियम के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का गठन हुआ था। 3,129 कर्मियों के साथ शुरू होने वाला यह बल 2.20 लाख कर्मियों की एक विशाल शक्ति के रूप में विकसित हो गया है, जो देश के लगभग सभी राज्यों में तैनात है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल वर्तमान में 70 हवाई अड्डों सहित 361 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान करता है। इसके अतिरिक्त, बल किसी भी सुरक्षा आपात स्थिति से निपटने के लिए 12 रिजर्व बटालियन हैं और देश भर में 8 अत्याधुनिक प्रशिक्षण संस्थान संचालित करता है।
सीआईएसएफ का सुरक्षा कवच देश के सबसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों तक फैला हुआ है, जिनमें परमाणु ऊर्जा संयंत्र, अंतरिक्ष प्रतिष्ठान, हवाई अड्डे, बंदरगाह, बिजली संयंत्र और अन्य रणनीतिक बुनियादी ढांचे शामिल हैं। सीएआईएसएफ को प्रमुख सरकारी भवनों, ऐतिहासिक स्मारकों और दिल्ली मेट्रो जैसी रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम की सुरक्षा करने का भी जिम्मा है। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को जम्मू और कश्मीर स्थित केन्द्रीय कारागार की सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है और यह कुछ विशिष्ट श्रेणियों के वीआईपी को भी सुरक्षा प्रदान करता है।