बहरीन में फंसे भारतीयों के लिए राहत! सऊदी अरब के रास्ते वतन वापसी की सलाह, दूतावास सक्रिय

भारत ने बहरीन में फंसे नागर‍िकों को सऊदी अरब के रास्ते देश लौटने की दी सलाह


मनामा, 9 मार्च। युद्ध के हालातों के बीच बहरीन में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर च‍िंत‍ित भारतीय दूतावास ने सोमवार को लोगों को सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही स्‍थानीय अध‍िकार‍ियों की ओर से जारी द‍िशा-न‍िर्देश का पालन करने को कहा।

दूतावास ने भारतीय नागरिकों को बताया कि दूतावास ने सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी दोबारा जारी किए हैं। साथ ही लोगों से कहा कि वे बहरीन से सऊदी अरब के रास्ते भारत के लिए यात्रा करें।

सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर बहरीन में भारतीय दूतावास ने कहा, "बहरीन से सऊदी अरब के रास्ते यात्रा करें। विशेष ध्यान फंसे हुए भारतीय नागरिकों, खासकर पर्यटन या शॉर्ट-टर्म वीजा धारकों पर दिया जा रहा है। रियाद में भारतीय दूतावास सऊदी सरकार से व्यक्तिगत ट्रांजि‍ट वीजा अनुमोदन प्राप्त कर रहा है। इसलिए ट्रांजि‍ट वीजा अनुरोध फिलहाल बहरीन के भारतीय दूतावास से रियाद के भारतीय दूतावास को भेजे जा रहे हैं।"

इसने सऊदी अरब से ट्रांजिट के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) भी जारी किया। इसमें बताया गया है कि यात्रियों के पास भारत की आगे की यात्रा के लिए कन्फर्म एयर टिकट होना चाहिए और यात्रियों को सऊदी अरब में घुसने से पहले चेकपॉइंट पर सऊदी इमिग्रेशन अधिकारियों को रियाद में भारतीय दूतावास की ओर से जारी किया गया नोट वर्बल/फॉर्मल नोट दिखाना होगा।

दूतावास की सलाह के अनुसार, सऊदी ट्रांजि‍ट वीजा 72-96 घंटे के लिए वैध होगा। इस अवधि के दौरान लोगों को सऊदी अरब छोड़कर भारत जाना होगा। दूतावास ने यात्रियों को दिन के समय में सऊदी चेकपॉइंट पर अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी। इसके अलावा, ट्रांजि‍ट वीजा सुविधा के लिए अनुरोध भेजने वाले भारतीय नागरिकों के लिए ई-मेल आईडी भी जारी की गई है।

यह एडवाइजरी पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच आई है, जो 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुआ था। इसके जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमलों के माध्यम से अमेरिका की संपत्तियों, क्षेत्रीय राजधानियों, और सहयोगी बलों को निशाना बनाया।

इस बीच, बहरीन डिफेंस फोर्स (बीडीएफ) जनरल कमांड ने सोमवार को कहा कि इसके एयर डिफेंस सिस्टम ईरानी हमलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर रहे हैं। संघर्ष की शुरुआत से अब तक बीडीएफ बलों ने बहरीन को निशाना बनाने वाली 102 बैलिस्टिक मिसाइलें और 171 ड्रोन नष्ट किए हैं।

बीडीएफ जनरल कमांड ने इस दौरान अपने जवानों की दिखाई गई लड़ाई की तैयारी और ऑपरेशनल एक्सीलेंस की तारीफ की और कहा कि देश का एयरस्पेस सुरक्षित है।

इसने लोगों से घर के अंदर रहने और केवल आवश्यक होने पर ही सावधानी के साथ बाहर जाने की सलाह दी। बीडीएफ जनरल कमांड ने प्रभावित क्षेत्रों और किसी भी संदिग्ध वस्तु से दूर रहने, सैन्य अभियान या मलबे के स्थलों की शूटिंग न करने, बिना पुष्टि की जानकारी फैलाने से बचने और केवल आधिकारिक स्रोतों से अपडेट और सलाह लेने की सलाह दी।

जनरल कमांड ने कहा कि नागरिक स्थलों और निजी संपत्ति को बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन के माध्यम से निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि ये अंधाधुंध हमले क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा हैं।
 

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top