असम में एनसीबी का बड़ा खुलासा: गुप्त चैंबर से 2.6 करोड़ का 524 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर पकड़े

असम में एनसीबी की बड़ी कार्रवाई: दो तस्कर गिरफ्तार, 524.9 किलो गांजा जब्त


गुवाहाटी, 9 मार्च। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की गुवाहाटी जोनल यूनिट ने असम में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 524.9 किलो गांजा बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.6 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एनसीबी के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई 8 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गुवाहाटी जोनल यूनिट ने 155वीं बटालियन सीआरपीएफ के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए असम के खाटखाटी इलाके में एक टाटा इंट्रा वी70 ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली। वाहन की गहन जांच के दौरान ट्रक के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने इस नशीले पदार्थ को बेहद चालाकी से छिपाकर रखा था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचाया जा सके। तलाशी के दौरान कुल 524.9 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गांजा मणिपुर के सेनापति जिले के जंगल क्षेत्रों से लाया गया था और इसे पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले तक पहुंचाने की योजना थी। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही हैं।

एनसीबी गुवाहाटी जोनल यूनिट द्वारा पिछले एक महीने में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 7 फरवरी को भी एनसीबी ने 147वीं बटालियन सीआरपीएफ की मदद से असम के सिलचर के पास छापेमारी कर 11.7 किलो मेथामफेटामिन बरामद किया था। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 9.5 करोड़ रुपए आंकी गई थी।

असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए एनसीबी ने क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अपनी कार्रवाई और निगरानी को और तेज कर दिया है। एजेंसी के अनुसार चुनाव के दौरान अवैध धन और नशीले पदार्थों की आवाजाही रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।एनसीबी के नॉर्थ ईस्टर्न रीजन ने पिछले दो महीनों में बड़ी सफलता हासिल की है। इस अवधि में अवैध बाजार में करीब 105 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।

अब तक की कार्रवाई में कुल 21 मामले दर्ज किए गए और 40 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1036 किलो गंजा, 72.5 किलो मेथामफेटामिन, 17 किलो हेरोइन, 6.25 किलो मॉर्फिन और 13,816 बोतलें सीबीसीएस (कफ सिरप) बरामद किए गए।

एनसीबी अधिकारियों ने आगे बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top