26वीं सालगिरह पर खुशबू सुंदर का खुलासा: 'रिश्ते में आईं कई मुश्किलें, लेकिन हमने साथ कभी नहीं छोड़ा'

शादी की 26वीं सालगिरह पर बोलीं खुशबू सुंदर, 'रिश्ते में कई मुश्किलें आईं, फिर भी हमने साथ नहीं छोड़ा'


चेन्नई, 9 मार्च। फिल्मी दुनिया में कई रिश्ते बनते और टूटते हैं, लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे भी होते हैं जो समय की हर कसौटी पर खरे उतरते हैं। साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री खुशबू सुंदर और उनके पति व प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सुंदर सी का रिश्ता भी कुछ ऐसा ही है। दोनों की शादी को अब 26 साल पूरे हो चुके हैं। इस खास मौके पर खुशबू के अलावा, उनके करीबी दोस्त और तेलुगु सिनेमा के फिल्म निर्देशक और अभिनेता विशु विश्वनाथ ने भी खास पोस्ट साझा किए, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा।

अभिनेता विशु विश्वनाथ ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खूशबू सुंदर और सुंदर सी की शादी की तस्वीर साझा की, जिसमें वह दोनों के साथ कैमरे की ओर मुस्कुराते हुए पोज दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''शादी की सालगिरह मुबारक हो। आप मेरे पसंदीदा कपल हो। भगवान आप पर अपनी कृपा बनाए रखे।''

इस पोस्ट के कमेंट में खूशबू सुंदर ने धन्यवाद लिखा।

वहीं, शादी की सालगिरह पर खुशबू सुंदर ने अपने पति सुंदर सी के साथ बिताए 26 सालों की शादीशुदा जिंदगी को याद किया। उन्होंने लिखा, ''एक पति और पत्नी के रूप में 26 साल का सफर मेरे लिए बहुत खास रहा है। यह सफर मस्ती भरा और यादगार रहा। इन सालों में मैंने जिंदगी के कई रंग देखे हैं। कभी मुझे ढेरों प्यार मिला तो कभी ऐसे मुश्किल पल भी आए जब हालात बहुत कठिन हो गए थे, लेकिन इन सबके बावजूद हमने कभी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा।''

खुशबू ने अपने पोस्ट में आगे कहा, ''हमारे रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत यह रही कि हम दोनों को हमेशा यह भरोसा था कि हम हर परिस्थिति में एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे। शादी के इतने लंबे समय में कई बार दोनों के बीच झगड़े भी हुए, और कई बार दोनों को दुख और दर्द का सामना भी करना पड़ा। कई ऐसे पल आए जब हम रोए भी, लेकिन हर बार हमने एक-दूसरे को संभाला और साथ दिया।''

उन्होंने आगे कहा, "इन सभी अनुभवों ने हमारे रिश्ते को और मजबूत बना दिया। हमने मिलकर एक खूबसूरत दुनिया बनाई है। यह मेरे लिए कोकून (घोंसला) की तरह है। मैं इस रिश्ते को हमेशा इसी तरह संभालकर रखूंगी और आगे भी आपके साथ मजबूती से खड़ी रहूंगी। शादी की सालगिरह मुबारक हो, मेरे प्यारे पति। मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं।"
 

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top