अखिलेश का सरकार पर बड़ा आरोप: 'देश की विदेश नीति गिरवी रखी, युद्ध और महंगाई पर संसद में बहस हो'

सरकार ने विदेश नीति गिरवी रख दी, युद्ध और महंगाई पर संसद में हो चर्चा: अखिलेश यादव


लखनऊ, 9 मार्च। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को केंद्र सरकार की विदेश नीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने देश की विदेश नीति को गिरवी रख दिया है।

उन्होंने कहा कि देश के सामने युद्ध, महंगाई और विदेशों में फंसे भारतीयों जैसे गंभीर मुद्दे हैं, जिन पर संसद में गंभीर चर्चा होनी चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है जब भारत की विदेश नीति पर दूसरे देशों का प्रभाव दिखाई दे रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आत्मनिर्भरता की बात करती है, लेकिन तेल खरीदने जैसे महत्वपूर्ण फैसलों पर भी अमेरिका का दबाव दिखाई देता है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार को युद्ध की स्थिति को लेकर अपना स्पष्ट रुख बताना चाहिए। युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक, कामकाजी लोग, पर्यटक और पत्रकार फंसे हुए हैं। उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। साथ ही युद्ध की वजह से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करना भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि जब संसद के बजट सत्र का पहला चरण समाप्त हुआ था तब हालात अलग थे, लेकिन वर्तमान युद्धकालीन परिस्थितियों में देश की प्राथमिकताएं बदल गई हैं। ऐसे में संसद में विदेश नीति, राष्ट्रीय संप्रभुता, आपूर्ति व्यवस्था और विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।

इस बीच उन्होंने इटावा लायन सफारी में एशियाई शेरों की बढ़ती संख्या पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान शुरू की गई इस परियोजना का उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना था।

हाल ही में सफारी की शेरनी ‘नीरजा’ ने तीसरी बार चार शावकों को जन्म दिया है, जिससे यहां शावकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। उन्होंने सफारी से जुड़े कर्मचारियों और विशेषज्ञों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यावरण के चक्र में हर प्राणी का अपना महत्व होता है और प्रकृति संरक्षण के लिए सकारात्मक पहल जरूरी है।

सपा अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि बहुजन नायक कांशीराम के 92वें जन्मदिवस पर 15 मार्च को समाजवादी पार्टी प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर ‘बहुजन समाज दिवस’ या ‘पीडीए दिवस’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित करेगी।

उन्होंने कहा कि कांशीराम ने अपना जीवन बहुजन समाज को संगठित करने और उसे शासन में भागीदारी दिलाने के लिए समर्पित किया था। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की विचारधारा के तहत सामाजिक न्याय और भाईचारे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,719
Messages
14,756
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top