तरुण हत्याकांड पर CM रेखा गुप्ता का कड़ा रुख, परिजनों को दिया न्याय का भरोसा; कहा- हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

तरुण के परिवार को न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है: रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 9 मार्च। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिवंगत तरुण के परिजनों से भेंट की। सीएम ने कहा कि तरुण के परिवार को न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सीएम ने एक्स पोस्ट में लिखा कि दिल्ली सचिवालय में उत्तम नगर की दुखद घटना में दिवंगत तरुण के परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस असहनीय पीड़ा के समय दिल्ली सरकार पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। तरुण के परिवार का दुःख अत्यंत गहरा और असहनीय है। उन्हें न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता, संबल और आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही परिवार की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली में इस प्रकार की अमानवीय और हिंसक घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो समाज को स्पष्ट संदेश दे कि दिल्ली में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है।

हाल ही में भाजपा सांसद कमलजीत सहरावात, दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पहुंचे थे। भाजपा सांसद ने एक्स पोस्ट में बताया था कि उत्तम नगर में होली के दिन हुई दुखद घटना में दिवंगत तरुण के परिवारजनों के पास जाकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अमानवीय घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। शोक संतप्त परिवार के दुख में हम सब समान रूप से सहभागी हैं। हमने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।

मंत्री पंकज सिंह ने कहा था कि उत्तम नगर में होली के पावन पर्व पर एक होनहार युवा की हत्या बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन मामले को गंभीरता से देख रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। दिल्ली सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,747
Messages
14,784
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top