पीलीभीत में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलटी, 24 श्रमिक घायल

पीलीभीत में तेज रफ्तार डबल डेकर बस पलटने से 24 श्रमिक घायल


पीलीभीत, 9 मार्च। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रविवार देर रात तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में बस में सवार 24 से अधिक श्रमिक घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार डबल डेकर बस गुरुग्राम से करीब 50 मजदूरों को लेकर लखीमपुर जा रही थी। जब बस पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के कैच गांव के पास हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बस के अंदर ही फंस गए।

हादसे के बाद बस में फंसे श्रमिकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा कर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस की तत्परता और तेजी से किए गए बचाव कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की। हादसे में घायल मजदूरों को तुरंत एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से पीलीभीत मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक से भी पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने घायलों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। शुरूआती जांच में नींद लगने के कारण हादसे की बात सामने आ रही है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,037
Messages
15,074
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top