टी20 विश्व कप जीतते ही अक्षर ने किया पिता को फोन, बोले राजेश- बेटे पर गर्व से सीना चौड़ा हुआ

मैच जीतते ही अक्षर पटेल ने किया था फोन, बेटे के प्रदर्शन पर गर्व: राजेश पटेल


नडियाद, 9 मार्च। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत की जीत पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। भारत के मैच जीतते ही हर तरफ आतिशाबाजी हुई और बधाई और शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया।

भारत ने शानदार बैटिंग और बॉलिंग करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से मात दी। इस मैच में ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए। भारत की जीत और बेटे की उपलब्धि पर पिता राजेश पटेल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "अक्षर पटेल ने जो भी प्रदर्शन किया है, वह देश और हम सभी के लिए गर्व की बात है। हम हमेशा यही उम्मीद करते हैं कि वह कुछ ऐसा खास करें जिससे हर गुजराती और देश का हर व्यक्ति यह महसूस करे कि आज उन्होंने कुछ उल्लेखनीय काम किया है और देश के लिए ट्रॉफी घर लाने में मदद की है।"

राजेश पटेल ने कहा, "भारत के मैच जीतते ही, मेरे घर के बाहर बहुत से लोग एकत्रित हो गए और अक्षर-अक्षर कहने लगे, जो सुनकर बहुत अच्छा लगा और बेटे पर गर्व महसूस हुआ। जीत के बाद अक्षर ने फोन किया था, तो मैंने उसे बधाई दी है। अक्षर के प्रदर्शन से नडियाद सहित पूरे देश के लोग खुश हैं।"

भारत की जीत पर राज्यसभा सांसद नरहरि अमीन ने कहा, "कल एक ऐतिहासिक क्षण था। दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम, जिसकी क्षमता लगभग 130,000 लोगों की है, पूरी तरह से खचाखच भरा हुआ था। भारत के सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। यह जीत भारतीय टीम को आगे भी हौसला देती रहेगी। भारतीय टीम के खिलाड़ियों का प्रदर्शन और भी अच्छा होगा।"

गौरतलब है कि टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल उन भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को दो बार अपने नाम किया है। अक्षर टी20 वर्ल्ड कप 2024 और 2026 में चैंपियन बनी टीम इंडिया का हिस्सा रहे।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,747
Messages
14,784
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top