नई दिल्ली, 9 मार्च। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को फाइनल मुकबाले में 96 रनों से हराते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को जीता। आइए आपको उन भारतीय खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जिन्होंने टी20 विश्व कप के खिताब को दो बार जीता है।
सूर्यकुमार यादव: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप 2024 में भी टीम का हिस्सा रहे थे। रोहित शर्मा की अगुवाई में सूर्या ने बल्ले से टूर्नामेंट में अहम योगदान दिया था।
जसप्रीत बुमराह: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद जसप्रीत बुमराह ने टी20 विश्व कप 2026 में भी टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया। बुमराह ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट निकाले।
शिवम दुबे: शिवम दुबे भी उन भारतीय खिलाड़ियों में शुमार हैं, जो लगातार दूसरी बार चैंपियन टीम का हिस्सा बने हैं। शिवम ने टी20 विश्व कप 2024 में भई बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया था।
हार्दिक पांड्या: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मुकाबले में अपनी गेंदबाजी से भारतीय टीम को चैंपियन बनाने वाले हार्दिक पांड्या भी अब दो बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को उठाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
अक्षर पटेल: टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी उन भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को दो बार अपने नाम किया है। अक्षर टी20 वर्ल्ड कप 2024 और 2026 में चैंपियन बनी टीम इंडिया का हिस्सा रहे।
अर्शदीप सिंह: अर्शदीप सिंह ने भी अपनी गेंदबाजी से टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2024 और टी20 विश्व कप 2026 में चैंपियन बनाने में अहम किदार निभाया। वह इस ट्रॉफी को दो बार जीत चुके हैं।
मोहम्मद सिराज: मोहम्मद सिराज भी उन खिलाड़ियों में शुमार हैं, जिन्होंने टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को दो बार अपने नाम किया। सिराज टी20 वर्ल्ड कप 2024 और टी20 विश्व कप 2026 में चैंपियन टीम का हिस्सा रहे।
संजू सैमसन: संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया। इससे पहले वह 2024 में चैंपियन बनी भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे थे।
कुलदीप यादव: कुलदीप यादव भी उन खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को दो बार अपने नाम किया है। हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 में कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिला।