विश्व बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप: बैंकॉक में भारतीय युवाओं का जलवा, जॉयश्री-अंबेकर-साहिल ने दर्ज की तीन बड़ी जीत

विश्व बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप: भारत की शानदार शुरुआत, जॉयश्री-अंबेकर और साहिल ने दर्ज की जीत


बैंकॉक, 8 मार्च। भारतीय यूथ बॉक्सिंग टीम ने थाईलैंड के बैंकॉक में वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप 2026 में अपने कैंपेन की जबरदस्त शुरुआत की है। जॉयश्री देवी चिरोम, अंबेकर मीतेई लैरेनलाकपम और साहिल दुहान ने टूर्नामेंट के पहले दिन जीत दर्ज की।

महिलाओं की 54 किलोग्राम कैटेगरी में जॉयश्री देवी चिरोम ने ताजिकिस्तान की अपनी विरोधी टीम के खिलाफ दूसरे राउंड में रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट (आरएससी) से जीत हासिल की। पुरुषों के डिवीजन में अंबेकर मीतेई लैरेनलाकपम (50 किलोग्राम) और साहिल दुहान (60 किलोग्राम) ने भी अपने कैंपेन की शुरुआत जीत के साथ की है। दोनों ने क्रमशः फिलीपींस और चीन के विरोधियों पर 5-0 से एकमत से जीत दर्ज की।

भारतीय टीम यूथ ओलंपिक वेट कैटेगरी में मुकाबला कर रही है, जिससे यह टूर्नामेंट यूथ ओलंपिक गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन और तैयारी की राह में एक अहम कदम बन गया है। फ्यूचर्स कप ग्लोबल बॉक्सिंग कैलेंडर में एक अहम इवेंट है, जो युवा एथलीटों को कीमती इंटरनेशनल प्रतियोगता का अनुभव देता है। 8 से 15 मार्च तक होने वाला वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में दुनिया भर के कुछ सबसे होनहार युवा मुक्केबाज अपना दमदम दिखाते हुए नजर आएंगे।

भारतीय युवा बॉक्सरों ने पिछले साल बहरीन में हुए तीसरे एशियन यूथ गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। भारतीय टीम ने 4 स्वर्ण, 2 रजत और एक कांस्य सहित सात मेडल जीते थे, जो कॉन्टिनेंटल स्टेज पर यूथ बॉक्सिंग में भारत का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा था। भारतीय टीम बैंकॉक में अच्छी शुरुआत को आगे भी बरकरार रखना चाहेगी।

भारत ने पुरुष और महिला दोनों डिवीजनों में 10 सदस्यों की टीम उतारी है। महिलाओं की टीम में गुंजन (48 किलोग्राम), चंद्रिका भोरेशी पुजारी (51 किलोग्राम), जॉयश्री देवी चिरोम (54 किलोग्राम), राधामणि लोंगजाम (57 किलोग्राम), और प्राची (60 किलोग्राम) शामिल हैं। पुरुषों की टीम में अंबेकर मीतेई लैरेनलकपम (50 किलोग्राम), उधम सिंह राघव (55 किलोग्राम), साहिल दुहान (60 किलोग्राम), अमन सिवाच (65 किलोग्राम), और प्रियांश सेहरावत (70 किलोग्राम) शामिल हैं।

टूर्नामेंट से पहले, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट अजय सिंह ने कहा, "वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप हमारे युवा मुक्केबाजों के लिए इंटरनेशनल एक्सपोजर पाने और दुनिया भर के टॉप टैलेंट के साथ मुकाबला करने का एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है। यूथ ओलंपिक वेट कैटेगरी में मुकाबला करना इस टूर्नामेंट को और भी महत्वपूर्ण बनाता है, क्योंकि यह हमारे एथलीटों को यूथ ओलंपिक गेम्स के रास्ते पर कीमती अनुभव और तैयारी देता है। हमें विश्वास है कि यह टीम पक्के इरादे के साथ मुकाबला करेगी और इस मौके का पूरा फायदा उठाएगी।"
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
14,737
Messages
14,774
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top