संजू सैमसन ने तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड, T20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में बनाए सर्वाधिक रन

टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने संजू सैमसन


अहमदाबाद, 8 मार्च। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। संजू सैमसन ने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतकीय पारी खेली। संजू टी20 विश्व कप के एक संस्करण में भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले 5 मुकाबलों में 199 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए कुल 321 रन बनाए। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कोहली ने टी20 विश्व कप 2014 के दौरान खेले 6 मुकाबलों में 129 के स्ट्राइक रेट से 319 रन बनाए थे। संजू ने फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान संजू ने 5 चौके और 8 छक्के लगाए।

संजू सैमसन टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज मार्लोन सैमुअल्स का रिकॉर्ड तोड़ा। सैमुअल्स ने टी20 विश्व कप 2016 के खिताबी मुकाबले में 85 रनों की नाबाद पारी खेली थी। सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 3 मैचों में अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। संजू से पहले यह कारनामा सिर्फ विराट कोहली और शाहिद अफरीदी ही कर सके हैं।

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने इस विश्व कप में कुल 24 छक्के लगाए। संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप में लगातार तीन पारियों में अर्धशतक लगाकर विराट कोहली, बाबर आजम, केएल राहुल की बराबरी भी कर ली है।

संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर भारतीय टीम को तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े। संजू-अभिषेक की विस्फोटक बल्लेबाजी के बूते भारतीय टीम ने 50 रनों का आंकड़ा सिर्फ 4 ओवर में ही पार कर लिया। इसके साथ ही 6 ओवर के पावरप्ले में भारतीय टीम ने 92 रन बनाए, जो एक नया रिकॉर्ड भी है। टी20 विश्व कप के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारतीय टीम के नाम हो गया है।

टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने का रिकॉर्ड भी टीम इंडिया के नाम हो गया है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बनाए अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 253 रन बनाए थे।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
14,693
Messages
14,730
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top