टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: आलोचनाओं से घिरे अभिषेक शर्मा का पलटवार, 18 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ सबको चौंकाया

टी20 वर्ल्ड कप: अभिषेक शर्मा ने फाइनल में लगाया तूफानी अर्धशतक


अहमदाबाद, 8 मार्च। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले अभिषेक शर्मा के बल्ले से 7 पारियों में सिर्फ 89 रन आए थे। हालांकि, फॉर्म पर कई तरह के सवाल खड़े किए जा रहे थे और हर तरफ अभिषेक की जमकर आलोचना हो रही थी, लेकिन नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में अभिषेक ने हर सवाल का जवाब अपने बल्ले से दिया।

फाइनल मैच में अभिषेक शुरुआत से ही बेहतरीन लय में दिखाई दिए। पारी की शुरुआत में ही मिले जीवनदान का अभिषेक ने भरपूर फायदा उठाया और अहमदाबाद में जमकर चौके-छक्कों की बारिश की। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक ने 21 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी में अभिषेक ने 247 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 3 छक्के लगाए।

अभिषेक ने संजू सैमसन के साथ मिलकर फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए सिर्फ 4 ओवर में टीम के स्कोर को 50 रनों के पार पहुंचाया। टी20 विश्व कप के फाइनल में अभिषेक-संजू 50 रनों की ओपनिंग साझेदारी करने वाली पहली जोड़ी भी बन गई है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप इतिहास के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। संजू सैमसन और अभिषेक ने मिलकर पावरप्ले में 92 रन बनाए।

टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में सबसे तेज 100 रन बनाने का रिकॉर्ड भी भारतीय टीम के नाम दर्ज हो गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच में टीम इंडिया ने महज 7.2 ओवर में 100 रन पूरे किए। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था, जिन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 100 रन 7.5 ओवर में पूरे किए थे।

फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, न्यूजीलैंड ने कोल मैककोन्ची के स्थान पर जैकब डफी को अंतिम एकदाश में शामिल किया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
14,733
Messages
14,770
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top