दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन! युवती से मोबाइल छीन भागा स्नैचर, NH-24 पर रंगेहाथ दबोचा, फोन भी बरामद

दिल्ली पुलिस ने युवती से मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को पकड़ा


नई दिल्ली, 8 मार्च। पूर्वी जिले में स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने एक मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गाजीपुर थाना पुलिस ने की। आरोपी को एनएच-24 बॉर्डर पिकेट के पास उस समय गिरफ्तार किया गया, जब उसने एक युवती से मोबाइल फोन छीन लिया।

हाल ही में इलाके में मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की घटनाएं बढ़ने के बाद थाना गाजीपुर में विशेष टीम बनाई गई थी। यह टीम इंस्पेक्टर उपाध्याय बाला शंकरम के नेतृत्व में और एसीपी मधु विहार की निगरानी में काम कर रही थी।

रविवार को पुलिस टीम एनएच-24 बॉर्डर पिकेट पर तैनात थी, तभी 20 वर्षीय पलक शर्मा निवासी आदर्श नगर, खोड़ा कॉलोनी की चीख सुनाई दी। उसने बताया कि एक बाइक सवार उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग गया है।

पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूपेंद्र (24) के रूप में हुई है, जो खोड़ा, गाजियाबाद का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह पहले भी स्नैचिंग और चोरी के मामलों में शामिल रहा है।

पूछताछ में उसने बताया कि उसके खिलाफ न्यू अशोक नगर थाने में भी इसी तरह का मामला दर्ज है और वह हाल ही में 11 फरवरी 2026 को जमानत पर जेल से बाहर आया था।

पीड़िता की शिकायत पर थाना गाजीपुर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,747
Messages
14,784
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top