कछार में ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, असम राइफल्स ने 3.5 करोड़ की हेरोइन के साथ पांच तस्कर दबोचे

असम राइफल्स ने ड्रग तस्करी मामले में पांच को किया गिरफ्तार, 3.5 करोड़ की हेरोइन जब्त


कछार, 8 मार्च। असम में ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए असम राइफल्स ने कछार पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में पांच लोगों को गिरफ्तार किया और करीब 3.5 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त की। यह कार्रवाई कछार जिले में 7 मार्च 2026 को की गई।

अधिकारियों के अनुसार, इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना मिलने के बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया। खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त टीम ने बुरूंगा विलेज (कलैन के पास) में संदिग्धों को उस समय पकड़ लिया, जब वे नशीला पदार्थ लेकर मेघालय की ओर जाने की तैयारी कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो गाड़ियां भी जब्त की गईं और आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों, जब्त वाहनों और मोबाइल फोन को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए कछार पुलिस को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि समय पर की गई इस कार्रवाई से राज्यों के बीच ड्रग्स की तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम हो गई और क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

असम राइफल्स पूर्वोत्तर भारत में नशे के खिलाफ अभियान में लगातार सक्रिय रही है और खुफिया जानकारी के आधार पर नियमित ऑपरेशन चलाकर ड्रग नेटवर्क को तोड़ने का काम कर रही है। यह ताजा बरामदगी ड्रग तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है।

वहीं, रेलवे प्रोटेक्शन फाॅर्स (आरपीएफ) ने रेलवे नेटवर्क के जरिए हो रही ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 12.82 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई सेंट्रल रेलवे द्वारा इस महीने की शुरुआत में नागपुर और कलबुर्गी में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान की गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन ऑपरेशनों से ट्रेन मार्गों के जरिए सक्रिय एक नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ये बरामदगी आरपीएफ और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त निगरानी और अभियान के दौरान की गई।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top