टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को दी पहले बल्लेबाजी की चुनौती, अपरिवर्तित टीम इंडिया तैयार

टी20 वर्ल्ड कप: न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं


अहमदाबाद, 8 मार्च। न्यूजीलैंड ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। टीम इंडिया ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम एक फेरबदल के साथ उतरी है। कीवी टीम में कोल मैककोन्ची के स्थान पर जैकब डफी को शामिल किया गया है।

टॉस जीतने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करने जा रहे हैं। हम उन्हें एक ऐसे स्कोर पर रोकने की कोशिश करेंगे, जिसे हासिल किया जा सके। यह शानदार मौका है। लड़कों को इससे आत्मविश्वास मिलेगा। यह सबसे बड़ा मंच है। मैककॉन्ची के स्थान पर डफी खेल रहे हैं।"

वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "पहले बल्लेबाजी करने पर खुशी हुई क्योंकि हम काफी अच्छा कर रहे हैं। सेमीफाइनल या फाइनल में रन बनाना हमेशा अच्छा होता है। यह नया वर्ल्ड कप है और हम इसके लिए उत्साहित हैं। उम्मीद है कि हम उनके खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हमारी टीम में कोई बदलवा नहीं है।"

भारतीय टीम की निगाहें तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने पर हैं, जबकि कीवी टीम खिताबी सूखा समाप्त करना चाहेगी। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद साल 2024 की ट्रॉफी जीती। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम साल 2021 के फाइनल तक पहुंची, जहां ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध हार का सामना करना पड़ा था।

भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top