नई दिल्ली, 8 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बुराड़ी से 33,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए लोगों ने केंद्र सरकार की सराहना की।
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद एक महिला ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पीएम मोदी ने दिल खोलकर महिलाओं के लिए काम किया है, लेकिन जिनको सिर्फ आलोचना करनी है, वो तो आलोचना करते रहेंगे और गालिया देते रहेंगे।"
दूसरी महिला ने बताया, "दिल्ली में बहुत अच्छा काम हो रहा है। ऐसे विकास काम होते हुए मैंने पहले कभी नहीं देखा। कुल मिलाकर पीएम मोदी का दिल्ली में कार्यक्रम बहुत ही अच्छा रहा।" वहीं, एक अन्य महिला ने बताया, "हम सौभाग्यशाली हैं कि पीएम मोदी ने महिला दिवस पर हमें यह सौगात दी है। उन्होंने महिलाओं के लिए बहुत से काम किए हैं। पीएम मोदी का विरोध करने वाले लोगों को सिर्फ अपना स्वार्थ दिखता है, उनका काम नहीं दिखता।"
एक व्यक्ति ने कहा, "मेरी मां का इलाज आयुष्मान कार्ड से हुआ। इलाज में 1.09 लाख रुपए का बिल आया, जो पूरी तरह से मुफ्त रहा। दिल्ली में भाजपा सरकार के आने के बाद मुझे एक लाख रुपए का सीधा-सीधा फायदा हुआ है।"
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस' के अवसर पर देश की नारी शक्ति को अपनी शुभकामनाएं दीं और भारत की प्रगति को दिशा देने में उनकी बढ़ती भूमिका को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाएं अपने दृढ़ संकल्प, रचनात्मकता और उत्साह के साथ भारत की प्रगति को आकार दे रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं देश की 'नारी शक्ति' को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। हर क्षेत्र में महिलाएं अपने दृढ़ संकल्प, रचनात्मकता और अद्वितीय उत्साह के साथ भारत की प्रगति को आकार दे रही हैं। उनकी उपलब्धियां हमारे देश को प्रेरित करती हैं और 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए हमारे सामूहिक संकल्प को और मजबूत बनाती हैं।"
उन्होंने लिखा, "महिला सशक्तिकरण हमारी अलग-अलग योजनाओं और पहल के केंद्र में है। हम ऐसे अवसर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिनसे हर महिला अपनी पूरी क्षमता का एहसास कर सके और भारत की विकास यात्रा में योगदान दे सके।"