इजरायली सेना की ईरान को दो टूक चेतावनी: खामेनेई के हर उत्तराधिकारी का पीछा कर चुन-चुनकर निशाना बनाएंगे

खामेनेई के हर उत्तराधिकारी का पीछा करेगा इजरायल, इजरायली सेना की ईरान को कड़ी चेतावनी


नई दिल्ली, 8 मार्च। मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच इजरायली सेना ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। इजरायली सैन्य बलों ने चेतावनी दी है कि वह ईरान के दिवंगत नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के किसी भी उत्तराधिकारी का पीछा करना जारी रखेगा।

इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर फारसी भाषा में पोस्ट करते हुए यह चेतावनी जारी की। पोस्ट में कहा गया कि इजरायल उन सभी लोगों को भी निशाना बनाएगा जो खामेनेई के उत्तराधिकारी को चुनने या नियुक्त करने की प्रक्रिया में शामिल होंगे।

इजरायली सेना ने खामेनेई को निष्क्रिय किए जाने के बाद ईरान का शासन खुद को फिर से संगठित करने और नया नेता चुनने की कोशिश कर रहा है। हालांकि इजरायल का हाथ हर उत्तराधिकारी और हर उस व्यक्ति तक पहुंचेगा जो नए नेता की नियुक्ति की कोशिश करेगा।

इजरायल ने यह चेतावनी भी दी कि जो लोग उत्तराधिकारी चुनने की बैठक में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, उन्हें भी निशाना बनाया जा सकता है। बयान में कहा गया कि हम उन सभी को चेतावनी देते हैं जो उत्तराधिकारी चयन की बैठक में भाग लेने का इरादा रखते हैं । इन सभी लोगों को निशाना बनाने से इजरायल पीछे नहीं हटेगा।

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स नामक संस्था जल्द ही कोम शहर में बैठक करने वाली है। यही संस्था ईरान के सर्वोच्च नेता का चुनाव करने के लिए जिम्मेदार मानी जाती है। बताया जा रहा है कि यह संस्था लंबे समय से नहीं मिली थी लेकिन अब नए नेता के चयन को लेकर बैठक बुलाने की तैयारी है।

इस बीच, ईरान के तेल भंडारण ठिकानों पर किए गए हमलों में चार टैंकर चालकों की मौत हो गई है। यह जानकारी ईरान की समाचार एजेंसी फार्स ने दी है। रिपोर्ट के अनुसार इजरायल के हमलों में तेहरान और अलबोर्ज प्रांत में स्थित चार तेल भंडारण सुविधाओं व एक तेल ट्रांसफर केंद्र को निशाना बनाया गया।

फार्स न्यूज एजेंसी ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि पहले मिसाइल हमले के बाद बचावकर्मी और स्थानीय लोग घायलों की मदद कर रहे थे। इसी दौरान कुछ मिनट बाद उसी स्थान पर दूसरी मिसाइल आ गिरी, जिससे और अधिक लोग इसकी चपेट में आ गए।

वहीं, इजरायल में भी युद्ध का असर दिखाई दे रहा है। इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 1,929 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से पिछले 24 घंटों में 157 लोग अस्पताल पहुंचे हैं। इन घायलों में नौ लोगों की हालत गंभीर, 42 की हालत मध्यम और 70 लोग मामूली रूप से घायल हैं।

इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष ने पूरे क्षेत्र में तनाव को और गहरा कर दिया है। इजरायली सेना की ताजा चेतावनी और मिसाइल हमलों की घटनाओं ने इस संकट को और गंभीर बना दिया है। इसके चलते मध्य-पूर्व की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top