T20 विश्व कप फाइनल: न्यूजीलैंड PM लक्सन का टीम को जोश! बोले- 'पूरा देश आपके साथ खड़ा है, बनो चैंपियन!'

'देश आपके साथ खड़ा है', प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने न्यूजीलैंड टीम को दी शुभकामना


वेलिंगटन, 8 मार्च। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंची है। फाइनल में न्यूजीलैंड का मुकाबला गत चैंपियन और मेजबान भारत के साथ है। मैच रविवार शाम 7 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने फाइनल मैच से पहले टीम को शुभकामना दी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्स पर साझा किए एक वीडियो संदेश में क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा, "न्यूजीलैंड की टीम टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे बेहतर कुछ भी नहीं हो सकता है। टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है। पूरा देश इस समय टीम के साथ खड़ा है। आपमें क्षमता है, आगे बढ़िए और चैंपियन बनिए।"

न्यूजीलैंड का प्रदर्शन आईसीसी इवेंट्स में हमेशा अच्छा रहता है। टी20 विश्व कप 2026 में भी न्यूजीलैंड ने अपने खेल से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित किया है। ग्रुप स्टेज में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान, यूएई, और कनाडा पर जीत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के साथ सुपर-8 में जगह बनाई थी। सुपर-8 में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हराकर और पाकिस्तान के साथ बारिश के कारण रद्द मैच से 1 अंक लेकर बेहतर रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने अपने प्रदर्शन से चौंकाते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकतरफा जीत हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 169 रन बनाए थे। फिन एलन के 33 गेंदों पर नाबाद 100 और टिम साइफर्ट के 33 गेंदों पर बनाए 58 रन की मदद से 12.5 ओवर में 1 विकेट पर न्यूजीलैंड ने 173 रन बनाए और मैच 9 विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

न्यूजीलैंड का टी20 विश्व कप का यह दूसरा फाइनल है। इससे पहले टीम 2021 में फाइनल में पहुंची थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था।

भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड टी20 विश्व कप के इतिहास में कभी कोई मैच नहीं हारी है, वहीं अहमदाबाद में टी20 मुकाबला नहीं जीती है। ऐसे में देखना होगा कि कीवी टीम का पहला टी20 विश्व कप जीतने का सपना पूरा होता है या नहीं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,158
Messages
14,195
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top