क्रिकेट महाकुंभ का साक्षी बनने अहमदाबाद पहुंचे दुनिया भर के फैंस, हर्ष सांघवी ने सबसे बड़े स्टेडियम में किया स्वागत

विश्व कप फाइनल देखने के लिए अहमदाबाद पहुंचे क्रिकेट फैंस का स्वागत: हर्ष सांघवी


अहमदाबाद, 8 मार्च। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को शाम 7 बजे से खेला जाना है। देश में भारतीय टीम की जीत के लिए दुआएं की जा रही हैं। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से फाइनल देखने के लिए अहमदाबाद पहुंचे क्रिकेट फैंस का स्वागत किया है।

मीडिया बात करते हुए हर्ष सांघवी ने कहा, "गुजरात के अहमदाबाद में दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल मैच होने वाला है। भारत और दुनिया भर से क्रिकेट फैंस इस ऐतिहासिक मैच को देखने आए हैं। मैं गुजरात की धरती पर सभी का दिल से स्वागत करता हूं।"

रांची में क्रिकेट अकादमी चलाने वाले कोच मानिक घोष ने कहा कि भारतीय टीम की स्थिति अच्छी है। अभिषेक शर्मा को छोड़ दिया जाए तो बाकी बल्लेबाज फॉर्म में हैं। जसप्रीत बुमराह शानदार फॉर्म में हैं। वरुण चक्रवर्ती सेमीफाइनल में अच्छी गेंदबाजी नहीं कर पाए, लेकिन पूरी उम्मीद है कि फाइनल में वह अच्छी गेंदबाजी करेंगे।

टी20 में किसी भी परिणाम की भविष्यवाणी करना मुश्किल है। कब किस टीम का खिलाड़ी चल जाए और मैच अपनी तरफ मोड़ दे, कहा नहीं जा सकता। मेरे हिसाब से टॉस जीतकर किसी भी टीम को पहले बल्लेबाजी करनी चाहिए। स्कोर का पीछा करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।

उज्जेन के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने कहा कि हमने बाबा महाकाल के चरणों में निवेदन किया है कि वह भारतीय टीम को न्यूजीलैंड को हराकर विश्व चैंपियन बनने का आशीर्वाद दें।

राजस्थान के चुरु में भी क्रिकेट फैंस ने भारतीय टीम के विश्व चैंपियन बनने की दुआ की है।

एक युवा फैन ने कहा कि फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमों पर दबाव होगा। भारतीय टीम को सिर्फ जीत हासिल नहीं करनी है, बल्कि इतिहास को बदलना है। हमें टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली जीत हासिल करनी है। अगर भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर करती है, तो टीम के लिए अच्छा होगा।

एक अन्य फैन ने कहा कि अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 के आस-पास स्कोर बनाती है और न्यूजीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों एलन और साइफर्ट का विकेट शुरुआती ओवरों में निकालने में सफल रहती है, तो टीम की जीत की संभावना ज्यादा है।

मैसूर के कर्नाटक आर्मी जिला अध्यक्ष तेजस लोकेश गौडा ने कहा, "भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है, और उम्मीद है कि विश्व कप जीतकर 140 करोड़ लोगों के सपने को पूरा करेगी।"
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,121
Messages
14,158
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top