अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नीतीश समेत CMs ने नारी शक्ति को सराहा, सुरक्षा-सशक्तिकरण का लिया संकल्प

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नीतीश कुमार समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए सरकारों की प्रतिबद्धता दोहराई।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पोस्ट किया, "अंततराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश और देश की महिलाओं को बधाई व शुभकामनाएं। किसी भी राज्य या देश के विकास में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं के सशक्तीकरण और उनकी सुरक्षा, शिक्षा व सामाजिक तथा आर्थिक विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयत्नशील है। अंततराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि महिलाओं के उत्थान के प्रति सदैव प्रयत्नशील रहें, ताकि उनका सामाजिक और आर्थिक विकास हो सके व उन्हें एक सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस' की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज 'महिला-नेतृत्व विकास' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उसी प्रेरणा से दिल्ली सरकार ने पिछले एक साल में अपने निर्णयों और योजनाओं में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखा है। 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' हमारी बेटियों के सपनों को नई मजबूती दे रही है। 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' महिलाओं की बस यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बना रहा है। वहीं होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर की पहल हजारों गृहिणियों के जीवन में राहत और सम्मान लेकर आई है।"

रेखा गुप्ता ने अपने पोस्ट में लिखा, "दिल्ली की नारी शक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना हमारी सरकार का स्पष्ट संकल्प है। इसी दिशा में हम निरंतर नए अवसर और नई संभावनाओं के द्वार खोलते रहेंगे। दिल्ली की नारी शक्ति ही विकसित दिल्ली की सबसे बड़ी शक्ति है।"

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी महिला दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आआइए, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण को समर्थन दें और नारी शक्ति के महत्वपूर्ण योगदान से राष्ट्र और महाराष्ट्र के विकास का मार्ग सुनिश्चित करें। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पोस्ट किया, "समस्त मातृशक्ति को अंततराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारी मातृशक्ति केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।"

उन्होंने आगे लिखा, "हमारी सरकार मातृशक्ति को सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, महिला उद्यमिता को बढ़ावा, लखपति दीदी जैसी योजनाओं का विस्तार व स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।"

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। देश, समाज और परिवार की प्रगति में हर चुनौती में सहभागी रहने वाली मातृशक्ति को शत-शत नमन करता हूं। आप हर क्षेत्र में सफल हों और नए प्रतिमान गढ़ें, यही मेरी मंगलकामनाएं हैं।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "त्याग और सहनशीलता की प्रतिमूर्ति समस्त नारीशक्ति को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज का दिन आपके अस्तित्व, आपके संघर्ष और आपकी हर छोटी-बड़ी जीत के जश्न का है। आप किसी भी सभ्य समाज का आधार हैं। इस अवसर पर सम्पूर्ण नारी शक्ति को नमन।"
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
14,072
Messages
14,109
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top