टी20 वर्ल्ड कप: सिर्फ 7 पारियों में 89 रन बना सके अभिषेक, वरुण चक्रवर्ती ने भी फैंस को किया निराश

टी20 वर्ल्ड कप: सिर्फ 7 पारियों में 89 रन बना सके अभिषेक, वरुण चक्रवर्ती ने भी फैंस को किया निराश


नई दिल्ली, 7 मार्च। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती को अंतिम एकादश से बाहर करने की मांग उठ रही है। आइए इस टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

उल्लेखनीय है कि अभिषेक शर्मा के लिए यह टूर्नामेंट किसी बुरे सपने की तरह रहा है। अभिषेक 7 पारियों में कुल मिलाकर महज 89 रन ही बना सके हैं। अभिषेक ग्रुप स्टेज के तीनों ही मैचों में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे। वहीं, सुपर-8 राउंड में सिर्फ जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी अभिषेक का बल्ला खामोश रहा था और वह 7 गेंदों में 9 रन ही बना सके थे। 0,0,0,15, 55, 10 और 9। यह टी20 वर्ल्ड कप में अभिषेक के स्कोर रहे हैं। जिस टूर्नामेंट में बाएं हाथ के बल्लेबाज को तुरुप का इक्का माना जा रहा था उसी टी20 विश्व कप में अभिषेक का बल्लेबाजी औसत 12.71 और स्ट्राइक रेट 130 का रहा है।

दूसरी ओर, वरुण का प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में काफी निराशाजनक रहा था। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 64 रन देकर सिर्फ एक विकेट चटकाया था। वरुण ने टी20 विश्व कप के इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे महंगा स्पेल डाला था। वहीं, सुपर-8 राउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ भी वरुण ने 4 ओवर में 40 रन दिए थे। यानी पिछले दो मुकाबलों में वरुण सिर्फ 2 विकेट लेकर 104 रन दे चुके हैं। वरुण की घूमती गेंदों को बल्लेबाज आसानी से पढ़ते नजर आए हैं।

भारतीय टीम ने कुल चौथी और लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल का टिकट हासिल किया है। वहीं, न्यूजीलैंड दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया के पास अहमदाबाद में इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। टी20 विश्व कप में आज तक कोई भी टीम अपने खिताब का बचाव नहीं कर सकी है। इसके साथ ही कोई भी टीम अपने घर में खेलते हुए टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत सकी है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,981
Messages
14,018
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top